मॉनसून की प्रोग्रेस के साथ कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानिए 1 जुलाई को कैसा रहेगा देशभर का मौसम

मॉनसून की प्रोग्रेस के साथ कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानिए 1 जुलाई को कैसा रहेगा देशभर का मौसम

देशभर में मॉनसून ने रफ्तार पकड़ ली है. IMD के अनुसार 1 जुलाई को उत्तर, मध्य, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट है. 3 जुलाई के आसपास बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से मध्य भारत में मॉनसून और सक्रिय होगा.

Advertisement
मॉनसून की प्रोग्रेस के साथ कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानिए 1 जुलाई को कैसा रहेगा देशभर का मौसमआज का मौसम (फाइल फोटो)

देशभर में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून लगातार मजबूत होता जा रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मॉनसून 30 जून को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों, उत्तराखंड के अधिकांश क्षेत्रों और हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के कुछ इलाकों तक आगे बढ़ चुका है. अगले दो से तीन दिनों में इसके गुजरात, पूरे उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और राजस्थान के कई हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं. वहीं, 3 जुलाई के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे मध्य भारत में मॉनसून और अधिक सक्रिय होने के आसार हैं. 

मौसम विभाग ने देशभर में जारी किया अलर्ट

मौसम विभाग ने 2 से 4 जुलाई के बीच कोंकण, मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों और दक्षिण गुजरात में कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम और पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भी अलग-अलग दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा कई इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, आकाशीय बिजली और गरज-चमक की भी संभावना जताई गई है.

1 जुलाई को देशभर में कैसा रहेगा मौसम?

आईएमडी के मुताबिक, उत्तर भारत 1 जुलाई को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में व्यापक बारिश की संभावना है. कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के आसार हैं. वहीं, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में भी भारी बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं. राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी, जबकि पश्चिमी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ इलाकों में धूलभरी हवाएं चल सकती हैं. 

इन राज्‍यों में भारी बारिश की संभावना

मध्य भारत में आज मध्य प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है. छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी अच्छी बारिश का दौर बना रहेगा. इन इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है. 

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम में 1 जुलाई को व्यापक बारिश की संभावना है. ओडिशा में लगातार कई दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. वहीं, बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश होने की आशंका हैं. 

पूर्वोत्‍तर और दक्षिणी राज्‍यों में ऐसा रहेगा मौसम

पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में लगातार बारिश बनी रहेगी. असम और मेघालय के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है. पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और जलभराव की आशंका बनी हुई है. 

आईएमडी ने अपने बुलेटिन में कहा है कि पश्चिमी भारत में कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में लगातार बारिश जारी रहेगी. गुजरात के कई हिस्सों में भी बारिश का दायरा बढ़ेगा. 2 जुलाई से बारिश और तेज होने की संभावना है और कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी वर्षा दर्ज हो सकती है. सौराष्ट्र और कच्छ में भी गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है. 

इसके अलावा दक्षिण भारत में केरल, तटीय कर्नाटक, आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और रायलसीमा में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान है. केरल और तटीय कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका भी बनी रहेगी. 

दिल्ली में बादल छाने और तेज हवा का अनुमान

दिल्ली-एनसीआर में 1 जुलाई को दिनभर बादल छाए रहने का अनुमान है. दोपहर और शाम के समय हल्की बारिश, गरज-चमक तथा 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 

2 जुलाई को मौसम और अधिक सक्रिय रहेगा. कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान घटकर 32 से 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. 3 जुलाई को भी बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना बनी रहेगी. लगातार बारिश के कारण तापमान सामान्य से नीचे रहने का अनुमान है.

POST A COMMENT