शिवराज ने ओडिशा को दी बड़ी सौगात, बोले- अब 6 करोड़ लखपति दीदी का टारगेट, किसानों के लिए कही ये बात

शिवराज ने ओडिशा को दी बड़ी सौगात, बोले- अब 6 करोड़ लखपति दीदी का टारगेट, किसानों के लिए कही ये बात

ओडिशा के रायगड़ा में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कई ग्रामीण विकास योजनाओं की घोषणा करते हुए पीएमजीएसवाई-IV के तहत नई सड़कों, आवास और रोजगार योजनाओं के लिए बड़ी राशि मंजूर की. साथ ही उन्होंने लखपति दीदी अभियान का लक्ष्य बढ़ाने और किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया.

Advertisement
शिवराज ने ओडिशा को दी बड़ी सौगात, बोले- अब 6 करोड़ लखपति दीदी का टारगेट, किसानों के लिए कही ये बातओडिशा सीएम को योजना का मंजूरी पत्र सौंपते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान

ओडिशा के रायगड़ा में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी की उपस्थिति में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-IV की शुरुआत करते हुए कई विकास योजनाओं का शुभारंभ किया. मंच से ही केंद्रीय मंत्री ने योजना का स्वीकृति-पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा. इस दौरान हितग्राहियों को सहायता भी वितरित की गई. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग शामिल हुए. केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-IV के पहले चरण में ओडिशा को 1,698.04 करोड़ रुपये की लागत से 1701.84 किलोमीटर लंबी 827 सड़कों की मंजूरी दी गई है. 

उन्होंने कहा कि इन सड़कों के जरिए दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने का लक्ष्य है. साथ ही पहले से स्वीकृत लेकिन अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए अतिरिक्त संसाधन भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं.

आवास और रोजगार योजनाओं को मजबूती

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राज्य में हर पात्र परिवार को पक्का घर उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 630.61 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं. उन्होंने मजदूर दिवस के अवसर पर मनरेगा के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली किस्त के रूप में 868.71 करोड़ रुपये जारी करने की जानकारी दी. इसके अलावा WDC-PMKSY 2.0 के तहत 30.07 करोड़ रुपये की मंजूरी भी दी गई है.

महिलाओं और किसानों पर विशेष फोकस

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं, किसानों और युवाओं को विकास के केंद्र में रखकर काम कर रही है. उन्होंने स्वयं सहायता समूहों, लखपति दीदी अभियान और ग्रामीण आजीविका कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए स्वरोजगार और आय बढ़ाने के उपायों पर जोर दिया. साथ ही कृषि में वैज्ञानिक तरीकों, पशुपालन, मत्स्यपालन और मधुमक्खी पालन जैसे क्षेत्रों को भी आय बढ़ाने का माध्यम बताया. शिवराज ने कहा कि महि‍लाओं के आर्थ‍िक सशक्तिकरण के लिए अब लखपति दीदी का लक्ष्‍य 3 करोड़ से बढ़ाकर 6 करोड़ तय किया गया है. 

मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों पर कही ये बात

मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा दी गई योजनाएं राज्य के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-IV दुर्गम और वंचित क्षेत्रों तक विकास पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार “समृद्ध ओडिशा, विकसित ओडिशा” के लक्ष्य के साथ सड़क, पानी, बिजली और ग्रामीण बुनियादी ढांचे पर तेजी से काम कर रही है.

रायगड़ा समेत कई जिलों को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि रायगड़ा सहित राज्य के कई जिलों में सड़क और आधारभूत ढांचे की परियोजनाएं ग्रामीण जीवन को बेहतर बनाएंगी. कार्यक्रम में राज्य के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज व पेयजल मंत्री रबी नारायण नायक ने भी अपने विचार रखे. इस दौरान हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिया गया और महिला सशक्तिकरण तथा ग्रामीण विकास पर जोर दिया गया.

POST A COMMENT