पीएम किसान स्कीम पर बड़ा अपडेटप्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Yojana) की 23वीं किस्त को लेकर देशभर के किसानों को बेसब्री से इंतजार है. करोड़ों किसान सरकार की आधिकारिक घोषणा की राह देख रहे हैं. लेकिन इस बीच बड़ी संख्या में ऐसे किसान भी हैं, जिन्हें पिछली किस्तों का लाभ नहीं मिल पाया है. इसकी सबसे बड़ी वजह है छोटी-छोटी गलतियां और अधूरी जानकारी.
अक्सर किसान पीएम किसान योजना में रजिस्ट्रेशन के समय आधार नंबर, बैंक खाता जानकारी या अन्य जरूरी डिटेल्स भरते वक्त गलती कर देते हैं. कई बार जानकारी अधूरी भी रह जाती है. यही कारण है कि लाखों किसानों के खाते में पीएम किसान की किस्त ट्रांसफर नहीं हो पाती और वे योजना से वंचित रह जाते हैं.
सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक, कई ऐसे मामले सामने आए हैं जिनमें आधार नंबर गलत या अधूरा है, बैंक खाता जानकारी सही नहीं है, आधार और बैंक खाता लिंक नहीं है, ई-केवाईसी (e-KYC) पूरी नहीं की गई है और जरूरी दस्तावेज अपलोड नहीं किए गए हैं.
इस समस्या से परेशान किसानों के लिए राहत की खबर है. अब किसान खुद ही अपनी गलत जानकारी को सुधार सकते हैं. इसके लिए उन्हें किसी एजेंट या दलाल की जरूरत नहीं है. किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा. वहां उन्हें ‘Update Missing Information’ या जानकारी अपडेट करने का विकल्प मिलेगा.
इस विकल्प के जरिए किसान आधार से जुड़ी गलतियां ठीक कर सकते हैं. बैंक खाते की जानकारी अपडेट कर सकते हैं. अधूरी जानकारी पूरी कर सकते हैं और जरूरी दस्तावेज अपलोड कर सकते हैं.
राज्यों से लगातार ऐसी शिकायतें सामने आ रही हैं कि थोड़ी-सी गलती या एक कागज की कमी के कारण किसान किस्त से वंचित रह जा रहे हैं. इसे देखते हुए कृषि विभाग किसानों को जागरूक कर रहा है. कृषि विभाग ने साफ कहा है कि किसान यह पूरी प्रक्रिया बिना किसी बाहरी मदद के खुद कर सकते हैं. बस उन्हें पीएम किसान पोर्टल पर जाकर सही जानकारी भरनी होगी.
पीएम किसान योजना का लाभ पाने के लिए e-KYC कराना अनिवार्य है. इसके बिना किसी भी किसान को किस्त का पैसा नहीं मिलेगा. इसके अलावा, किसान का आधार नंबर बैंक खाते से लिंक होना भी जरूरी है. अगर यह लिंकिंग नहीं है तो भुगतान अटक सकता है.
पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त मार्च महीने में जारी की गई थी. अब 23वीं किस्त का इंतजार हो रहा है. अपुष्ट खबरों के मुताबिक, 23वीं किस्त जून या जुलाई 2026 में जारी हो सकती है. हालांकि, इसकी आधिकारिक तारीख की घोषणा अभी तक सरकार की ओर से नहीं की गई है.
पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. यह राशि तीन किस्तों में 2000-2000 रुपये करके सीधे किसानों के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाती है.
अगर आप पीएम किसान की 23वीं किस्त का लाभ लेना चाहते हैं तो समय रहते अपनी e-KYC जरूर पूरी कराएं, आधार और बैंक खाते की लिंकिंग जांच लें और पीएम किसान पोर्टल पर अपनी जानकारी सही करें. इन छोटे-छोटे कदमों से किसान आसानी से इस बड़ी सरकारी योजना का पूरा लाभ उठा सकते हैं.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today