प्याज किसानों के लिए बड़ी पहलमहाराष्ट्र के नासिक जिले से एक बड़ी और दूरदर्शी पहल सामने आई है, जो देशभर के प्याज किसानों की स्थिति में सकारात्मक बदलाव ला सकती है. दरअसल, वर्षों से कड़ी मेहनत के बावजूद उचित दाम और सम्मान के लिए संघर्ष कर रहे किसानों को एकजुट करने के उद्देश्य से ‘राष्ट्रीय प्याज भवन’ (National Onion Bhavan) बनाने का प्रस्ताव पेश किया गई है. यह पहल न सिर्फ किसानों को एक मंच देने की कोशिश है, बल्कि उन्हें संगठित कर उनकी आवाज को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी मानी जा रही है.
यह महत्वाकांक्षी परियोजना नासिक जिले के सिन्नर तालुका के जायगांव में स्थापित की जाएगी, जहां जल्द ही इसके निर्माण कार्य की शुरुआत होने वाली है. इस भवन को केवल एक प्रशासनिक ढांचे के रूप में नहीं देखा जा रहा, बल्कि इसे देश के सभी प्याज उत्पादक किसानों के लिए एक हेड क्वार्टर के रूप में विकसित करने की योजना है. यहां से किसानों के हितों से जुड़े मुद्दों को उठाया जाएगा, नीतिगत संवाद को बढ़ावा मिलेगा और बाजार में किसानों की भागीदारी को मजबूत किया जाएगा.
अब तक देश के प्याज किसान अलग-अलग स्तर पर अपनी समस्याओं से जूझते रहे हैं. किसानों के बिखराव के कारण वे अपनी सामूहिक ताकत का प्रभावी उपयोग नहीं कर पाते, जिससे उन्हें अक्सर अपनी उपज का सही मूल्य नहीं मिल पाता. ‘राष्ट्रीय प्याज भवन’ की यह पहल इसी स्थिति को बदलने की दिशा में उठाया गया कदम है. विशेषज्ञों का मानना है कि यदि किसान संगठित होकर काम करें, तो वे बाजार में अपनी मजबूत स्थिति बना सकते हैं और अपनी उपज के लिए बेहतर कीमत तय कर सकते हैं.
इस पहल को लेकर महाराष्ट्र प्याज उत्पादक संगठन के अध्यक्ष भारत दिघोले का कहना है कि यह परियोजना केवल वर्तमान समस्याओं के समाधान के लिए नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए भी तैयार की जा रही है. उनके अनुसार, यह भवन किसानों को दिशा देने, उन्हें संगठित करने और उनकी आवाज को सशक्त बनाने का काम करेगा.
ऐसे में ‘राष्ट्रीय प्याज भवन’ की यह पहल देश के प्याज किसानों के लिए एक नई उम्मीद बनकर उभर रही है. यह न सिर्फ किसानों को एकजुट करने का माध्यम बनेगी, बल्कि उनके अधिकारों, सम्मान और आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में भी अहम भूमिका निभा सकती है. आने वाले समय में यह परियोजना किसानों के लिए एक स्थायी और प्रभावी मंच साबित हो सकती है, जो उनकी समस्याओं के समाधान के साथ-साथ उनके भविष्य को भी सुरक्षित बनाने में मदद करेगी.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today