22 हजार लीटर संदिग्ध घी जब्त (AI Image)राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में मिलावटी घी के कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने दो कारोबारी ठिकानों पर छापेमारी कर 22,138 लीटर संदिग्ध मिलावटी घी जब्त किया है. इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.60 करोड़ रुपये बताई गई है. कार्रवाई के दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस ने बताया कि सीआईडी क्राइम ब्रांच ने स्थानीय पुलिस और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के साथ मिलकर राज्यव्यापी अभियान के तहत यह कार्रवाई की. छापेमारी के दौरान घी के कारोबार से कथित तौर पर हुई बिक्री के 3.50 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राम तायल (26), मुकेश कुमार (24) और विकास कुमार (42) के रूप में हुई है.
पहली कार्रवाई अनन्या ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम और फैक्ट्री में की गई. यहां अलग-अलग ब्रांड के नाम से पैक किया गया 16,394 लीटर संदिग्ध मिलावटी घी बरामद हुआ. इनमें त्रिसालवा, बांसुरी, श्रीनंद और मायरा जैसे ब्रांड शामिल हैं. मौके से एक्सपायरी हो चुका घी, बिना लेबल वाले कंटेनर, पैकेजिंग सामग्री, स्टिकर, पैकिंग मशीन और अन्य उपकरण भी मिले हैं.
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि एक्सपायरी हो चुके और बाजार से वापस आए घी को दोबारा पैक किया जाता था. इसके बाद उस पर नए लेबल लगाकर बाजार में बेचा जाता था. पुलिस को यह भी संदेह है कि आरोपी गुजरात से पाम ऑयल और वनस्पति मंगवाकर उससे मिलावटी घी तैयार करते थे. इस घी की आपूर्ति श्रीगंगानगर और आसपास के इलाकों में की जाती थी.
संयुक्त टीम ने दूसरी कार्रवाई सूरतगढ़ बाईपास स्थित न्यू विजय ट्रेडिंग कंपनी में की. यहां से 5,744 लीटर संदिग्ध मिलावटी घी जब्त किया गया. दोनों ठिकानों से मिले घी के नमूने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं. अनन्या ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम को सील कर दिया गया है.
पुलिस के अनुसार, जब्त घी के नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच की जा रही है. (पीटीआई)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today