बारिश के बाद पन्ना में फिर शुरू हुई हीरे की खोजमध्य प्रदेश के पन्ना जिले में बारिश शुरू होते ही एक बार फिर हीरों की तलाश तेज हो गई है. पन्ना के विश्रामगंज रेंज में रूंझ डैम के डूब क्षेत्र के पास रूंझ नदी की चाल में सैकड़ों लोग हीरा खोजने पहुंच गए. किसी ने नदी किनारे टेंट लगा लिया तो कोई रेत और मिट्टी को छानकर हीरा तलाशता नजर आया. सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को वहां से हटा दिया.
बारिश के मौसम में पन्ना की नदियों और नालों की चाल में हीरा मिलने की उम्मीद में हर साल बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं. इस बार भी रूंझ नदी के किनारे बुंदेलखंड के अलग-अलग इलाकों से लोग पहुंचने लगे. पन्ना के अलावा उत्तर प्रदेश के बांदा, छतरपुर, टीकमगढ़ और दमोह सहित आसपास के क्षेत्रों से भी लोग यहां आए. लोग नदी की रेत और मिट्टी को घंटों तक खंगालते रहे. कुछ लोगों ने नदी किनारे अस्थायी टेंट भी लगा लिए और कई दिनों तक वहीं रुककर हीरा खोजने की तैयारी कर ली.
हीरा खोजने पहुंची पन्ना की श्याम बाई ने बताया कि वह कई सालों से बारिश के बाद रूंझ नदी में हीरे की तलाश करने आती हैं. इस बार भी वह हीरे की उम्मीद लेकर यहां पहुंची हैं. उनका कहना है कि कभी-कभी छोटे हीरे मिल जाते हैं, लेकिन अभी तक कोई बड़ा हीरा हाथ नहीं लगा है. वहीं, पुराने पन्ना क्षेत्र की पार्वती कोदर ने बताया कि इस बार उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. उनके मुताबिक, वन विभाग के कर्मचारियों ने लोगों को नदी से हीरा खोजने से रोक दिया. उन्होंने बताया कि वह कुछ ही समय तक नदी में तलाश कर पाईं.
रूंझ नदी के किनारे बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. उत्तर वन मंडल के डीएफओ धीरेंद्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में विश्रामगंज रेंजर राहुल सिंह सिकरवार के नेतृत्व में टीम ने वहां पहुंचकर लोगों को समझाया. वन विभाग की टीम ने नदी किनारे जमा लोगों को वहां से हटाया और पूरे इलाके को खाली कराया. इसके साथ ही क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि वन क्षेत्र में बिना अनुमति लोगों की भीड़ न जुटे और किसी तरह की अवैध गतिविधि न हो.
वन विभाग के लिए नदी किनारे लोगों की इतनी बड़ी भीड़ चिंता का विषय है. यह इलाका वन क्षेत्र में आता है, जहां जंगली जानवरों के अलावा जहरीले सांप और दूसरे जीव भी पाए जाते हैं. ऐसे में लंबे समय तक जंगल और नदी के आसपास रहना लोगों के लिए खतरनाक हो सकता है. बारिश के दौरान नदी का पानी अचानक बढ़ने का खतरा भी रहता है. ऐसे में केवल हीरा मिलने की उम्मीद में नदी और जंगल के आसपास जाना लोगों की सुरक्षा के लिए जोखिम भरा हो सकता है.
मध्य प्रदेश का पन्ना जिला अपने हीरों के लिए देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में जाना जाता है. यही वजह है कि बारिश के मौसम में नदी-नालों में हीरे मिलने की उम्मीद लोगों को यहां खींच लाती है. बारिश के बाद बहकर आने वाली मिट्टी और रेत में हीरा मिलने की उम्मीद में लोग घंटों तलाश करते हैं. फिलहाल वन विभाग ने रूंझ नदी क्षेत्र से भीड़ को हटा दिया है और इलाके में निगरानी बढ़ा दी है. अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में हीरे की तलाश के लिए लोगों की भीड़ दोबारा यहां पहुंचती है या नहीं. (दिलीप शर्मा का इनपुट)
ये भी पढ़ें:
न्यूजीलैंड की संसद ने भारत के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को मंजूरी दी, दोनों देशों में बढ़ेगा व्यापार का दायरा
BRICS दिल्ली घोषणा में किसानों के लिए क्या है खास? जानिए कृषि पर हुए 8 बड़े फैसले
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today