खाद गोदाम में डकैती और गार्ड की हत्यामुजफ्फरपुर के बेला थाना क्षेत्र में खाद और सीमेंट गोदाम में डकैती के दौरान सुरक्षा गार्ड की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल ट्रक और 338 बोरी खाद बरामद की गई है. पुलिस अब इस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है.
दरअसल, 10 सितंबर की रात बेला थाना क्षेत्र के फेज-1 स्थित एक निजी कंपनी के खाद और सीमेंट गोदाम में बदमाशों ने डकैती की थी. इस दौरान सुरक्षा गार्ड ने बदमाशों का विरोध किया, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए थे. मृतक की पत्नी के आवेदन पर बेला थाने में मामला दर्ज किया गया था.
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई. पुलिस ने CCTV फुटेज के साथ तकनीकी जांच और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को 18 सितंबर को अहम सुराग मिला.
सूचना के आधार पर पुलिस ने फकुली थाना क्षेत्र के रहने वाले ट्रक चालक अर्जुन कुमार को गिरफ्तार किया. पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर डकैती में इस्तेमाल किया गया ट्रक बरामद किया गया. पुलिस ने ट्रक से गिरी खाद के अवशेष भी बरामद किए, जिन्हें जांच में साक्ष्य के तौर पर शामिल किया गया है.
पुलिस ने अर्जुन से पूछताछ के बाद उसके सहयोगी और मुख्य साजिशकर्ता के करीबी बताए जा रहे दीपक कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया. उसे अहियापुर थाना क्षेत्र के बैरिया बस स्टैंड के पास से पकड़ा गया. दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पूर्वी चंपारण के राजेपुर थाना क्षेत्र के लहलादपुर स्थित एक ईंट-भट्ठे के कार्यालय से 338 बोरी खाद बरामद की गई. यह बरामदगी दंडाधिकारी की मौजूदगी में की गई.
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गोदाम में डकैती करने की बात स्वीकार की है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने सुरक्षा गार्ड द्वारा विरोध किए जाने पर उसकी हत्या करने की बात भी बताई है. हालांकि, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी दीपक कुमार का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ सदर थाने में वर्ष 2023 में डकैती, डकैती की साजिश और आर्म्स एक्ट से जुड़े दो मामले दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही है.
ये भी पढ़ें:
राजस्थान से मॉनसून की विदाई शुरू, अगले 3-4 दिन में कुछ और हिस्सों से लौटने के आसार, कई राज्यों में बारिश का अलर्ट
खरीफ रजिस्ट्रेशन से चूके किसानों को राहत, MFMB पोर्टल फिर खुला, MSP पर फसल बेचने का मिलेगा मौका
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today