रविशंकर प्रसादबिहार का मखाना अब सिर्फ खेत और तालाब तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे बड़े उद्योग के रूप में विकसित करने की तैयारी है. ‘पंचायत आजतक बिहार’ के ‘सेशन बदलता बिहार… तेज रफ्तार!’ में पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बिहार में उद्योग, रोजगार और विकास को लेकर कई बातें बताईं. उन्होंने खास तौर पर मखाना उद्योग के बढ़ते कारोबार का जिक्र किया और बताया कि गया में मखाने का पूरा इंडस्ट्रियल नोड खोला जा रहा है.
रविशंकर प्रसाद के मुताबिक, बिहार में मखाने की मांग तेजी से बढ़ रही है. उन्होंने बताया कि BRICS सम्मेलन में मखाना गिफ्ट के तौर पर दिया गया था. इसके बाद मखाने को लेकर लोगों की रुचि और मांग काफी तेजी से बढ़ रही है. अब सरकार मखाने से जुड़े कारोबार को बड़े स्तर पर विकसित करने की दिशा में काम कर रही है. गया में बनने वाला इंडस्ट्रियल नोड मखाने की प्रोसेसिंग और इससे जुड़े उद्योगों को बढ़ावा देने में मदद कर सकता है.
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि बिहार में खाद्य उद्योग भी धीरे-धीरे बढ़ रहा है. उन्होंने बताया कि राज्य में 8 से 10 बिस्कुट फैक्ट्रियां खुल चुकी हैं. इससे स्थानीय स्तर पर उद्योग के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ने की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि बिहार में स्टार्टअप का माहौल भी तेजी से तैयार हो रहा है. बड़ी संख्या में युवा नए काम शुरू कर रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि कई युवा यूट्यूब और मीडिया के क्षेत्र में काम करके रोजगार के नए रास्ते तलाश रहे हैं. साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री ने बताया कि पटना, बिहार शरीफ और बख्तियारपुर के रास्ते में कई नए वेयरहाउस और लॉजिस्टिक्स सेंटर बन रहे हैं. इससे पटना और आसपास के इलाके लॉजिस्टिक्स के बड़े केंद्र के रूप में विकसित हो रहे हैं. इसका फायदा कारोबार और रोजगार दोनों को मिल सकता है.
बिहार की बाढ़ की समस्या पर रविशंकर प्रसाद ने कहा कि यह हर साल सामने आने वाली बड़ी चुनौती है. उन्होंने इसका एक कारण बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की भौगोलिक स्थिति को बताया. उनके मुताबिक नेपाल से आने वाला पानी कोसी बैराज के रास्ते बिहार तक पहुंचता है. उन्होंने कहा कि नेपाल में बांध बनाने को लेकर सर्वे शुरू हुआ है, हालांकि वहां इसका राजनीतिक विरोध भी हुआ है. इस बार बाढ़ के दौरान नाव, बिजली और भोजन की व्यवस्था किए जाने की बात भी उन्होंने कही. साथ ही पुरानी जमींदारी बांध जैसी कमजोर संरचनाओं को ठीक करने का काम जारी होने की जानकारी दी.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today