मॉनसून की विदाई शुरू (AI Image)दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब राजस्थान से धीरे-धीरे विदा होने लगा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में राजस्थान के कुछ और हिस्सों के साथ पंजाब तथा सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ इलाकों से भी मॉनसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं. जयपुर मौसम केंद्र ने भी अगले तीन से चार दिनों में राजस्थान के कुछ और हिस्सों से मॉनसून के लौटने का अनुमान जताया है. जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में अगले पांच से सात दिनों के दौरान मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है. पूर्वी राजस्थान के ज्यादातर इलाकों में भी अगले पांच से छह दिनों तक बारिश की गतिविधियां सीमित रहने का अनुमान है. हालांकि, 20 और 21 सितंबर को कोटा तथा उदयपुर संभाग के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है.
इधर, बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र अगले कुछ दिनों में मौसम को प्रभावित करेगा. IMD के मुताबिक, यह सिस्टम 21 सितंबर तक पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर डिप्रेशन और 22 सितंबर तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर डीप डिप्रेशन में बदल सकता है. इसके बाद इसके 23 सितंबर की सुबह उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट के आसपास पहुंचने की संभावना है.
मौसम विभाग के मुताबिक, इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से 22 से 24 सितंबर के दौरान उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और 22 से 25 सितंबर के दौरान दक्षिण ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. 23 और 24 सितंबर को दक्षिण ओडिशा तथा उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की भी आशंका है. दक्षिण छत्तीसगढ़ में 24 सितंबर को भी अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
आईएमडी ने अपने ताजा बुलेटिन में कहा है कि उत्तर प्रदेश में 24 से 26 सितंबर के बीच बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25-26 सितंबर को कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और 24-26 सितंबर के दौरान कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 25-26 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है. मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी इस दौरान बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है.
छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में 23 से 25 सितंबर के बीच बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. विदर्भ में 24 और 25 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है. दक्षिण छत्तीसगढ़ में 24 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट है.
पूर्वी भारत में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा गंगीय पश्चिम बंगाल में 20 से 26 सितंबर के बीच कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. झारखंड, ओडिशा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम में 22 से 26 सितंबर के दौरान बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है. बिहार में 24 से 26 सितंबर के बीच बारिश हो सकती है. गंगीय पश्चिम बंगाल में 22 से 25 सितंबर और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम में 23-24 और 26 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है.
केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु और रायलसीमा के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं. 23 से 25 सितंबर के दौरान तेलंगाना में गरज-चमक के साथ 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश में 23 और 24 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today