भारत को FAO की लीडरशिप और मैनेजमेंट में मिले मजबूत भूमिका, DG पद के उम्‍मीदवार फिल होगन ने जताई इच्छा

भारत को FAO की लीडरशिप और मैनेजमेंट में मिले मजबूत भूमिका, DG पद के उम्‍मीदवार फिल होगन ने जताई इच्छा

FAO महानिदेशक पद के उम्मीदवार फिल होगन ने संगठन के वरिष्ठ प्रबंधन में भारत की मजबूत भागीदारी की वकालत की है. उन्होंने डिजिटल कृषि, तकनीकी नवाचार और दक्षिण-दक्षिण सहयोग में भारत की भूमिका को अहम बताया.

Advertisement
भारत को FAO की लीडरशिप और मैनेजमेंट में मिले मजबूत भूमिका, DG पद के उम्‍मीदवार फिल होगन ने जताई इच्छाFAO DG पद के उम्‍मीदवार फिल होगन (फोटो/एएनआई)

संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) के महानिदेशक पद के उम्मीदवार फिल होगन ने कहा है कि संगठन के नेतृत्व और वरिष्ठ प्रबंधन में भारत की भागीदारी बढ़नी चाहिए. उन्‍होंने कहा कि डिजिटल कृषि, तकनीकी नवाचार, सर्कुलर इकोनॉमी और बायोइकोनॉमी में भारत का अनुभव विकासशील देशों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है. होगन अपनी उम्मीदवारी के समर्थन में नई दिल्ली के दौरे पर हैं और भारतीय अधिकारियों से मुलाकात कर रहे हैं.

न्‍यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में होगन ने कहा कि भारत ने कृषि और तकनीक के कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है. वह भारत को FAO के वरिष्ठ प्रबंधन में भूमिका निभाते देखना चाहते हैं, ताकि संगठन की प्राथमिकताएं तय करने और कार्यक्रमों को लागू करने में भारत का अनुभव शामिल हो सके.

उन्होंने कहा कि तकनीक और नवाचार के जरिए कृषि क्षेत्र में बदलाव लाने वाले देशों की आवाज संगठन में मजबूत होनी चाहिए. भारत की डिजिटल कृषि, सर्कुलर इकोनॉमी और बायोइकोनॉमी से जुड़ी पहल विकासशील देशों के लिए उपयोगी मॉडल बन सकती हैं.

दक्षिण-दक्षिण सहयोग में भारत अहम साझेदार

होगन ने भारत को दक्षिण-दक्षिण सहयोग के लिए महत्वपूर्ण भागीदार बताया. उन्होंने कहा कि भारत के साथ साझेदारी मजबूत कर कृषि तकनीक, नवाचार और विशेषज्ञता को ग्लोबल साउथ के देशों तक पहुंचाया जा सकता है. 

दक्षिण-दक्षिण सहयोग के तहत विकासशील देश अपने अनुभव और संसाधन एक-दूसरे के साथ साझा करते हैं. होगन इस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के पक्षधर हैं. उन्होंने भारत के साथ कृषि सहयोग और त्रिकोणीय सहयोग मजबूत करने की इच्छा जताई.

भारत-यूरोपीय संघ व्यापार समझौते का स्वागत

भारत और यूरोपीय संघ के मुक्त व्यापार समझौते पर होगन ने कहा कि पांच साल की बातचीत के बाद इसे अंतिम रूप दिया जाना दोनों पक्षों के लिए आर्थिक सहयोग के नए अवसर खोलेगा. उन्होंने दावा किया कि समझौते के तहत करीब 99 प्रतिशत शुल्क घटाए गए हैं या समाप्त किए गए हैं.

होगन ने कहा कि समझौते में डेयरी क्षेत्र और कृषि के कुछ संवेदनशील क्षेत्रों के हितों की सुरक्षा का ध्यान रखा गया है. इसके साथ ही उद्योग और सेवा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की संभावनाएं बनी हैं. उन्होंने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ मिलकर दुनिया की करीब 25 प्रतिशत आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं.

भारतीय मंत्रालयों के अधिकारियों से मुलाकात

आयरलैंड के उम्मीदवार होगन अपनी यात्रा के दौरान कृषि मंत्रालय और विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से मिल रहे हैं. इन बैठकों में भारत की प्राथमिकताओं और चिंताओं पर चर्चा की जा रही है. साथ ही FAO के कार्यक्रमों और उन्हें जमीन पर लागू करने के तरीकों को बेहतर बनाने पर विचार हो रहा है. होगन ने भारतीय विशेषज्ञता का व्यापक इस्तेमाल करने की इच्छा जताई.

स्थानीय उत्पादन खाद्य सुरक्षा की बुनियाद

वैश्विक खाद्य सुरक्षा पर अपनी प्राथमिकताएं बताते हुए होगन ने कहा कि FAO को स्थानीय खाद्य उत्पादन को सबसे अधिक महत्व देना चाहिए. अगर स्थानीय उत्पादन सुरक्षित है तो वैश्विक खाद्य सुरक्षा भी मजबूत रह सकती है. भू-राजनीतिक संघर्ष, आपूर्ति श्रृंखला में रुकावटें और कृषि लागत में बढ़ोतरी ने दुनिया की खाद्य व्यवस्था के सामने नई चुनौतियां खड़ी की हैं.

होगन ने होर्मुज जलडमरूमध्य और काला सागर क्षेत्र के आसपास के संघर्षों का जिक्र करते हुए कहा कि इनके कारण दुनिया भर के किसानों की चिंता बढ़ी है. ऊर्जा की कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर उर्वरकों जैसे जरूरी कृषि इनपुट की लागत पर पड़ता है. ऐसे हालात में देशों को अपनी स्थानीय उत्पादन क्षमता और कृषि व्यवस्था का लचीलापन बढ़ाना होगा.

FAO के कामकाज में बदलाव की जरूरत

होगन ने कहा कि FAO को ऐसा कार्य मॉडल अपनाना चाहिए जो स्थानीय जरूरतों के अनुसार काम करे. इसके लिए रोम स्थित मुख्यालय पर निर्भरता कम करते हुए क्षेत्रीय और देशस्तरीय कार्यालयों की भूमिका मजबूत करनी होगी. इसलिए योजनाओं और फैसलों में स्थानीय परिस्थितियों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए.

उन्होंने संगठन को अधिक प्रभावी, कुशल और जवाबदेह बनाने की जरूरत बताई. उनके मुताबिक, खाद्य सुरक्षा को वैश्विक राजनीतिक और सुरक्षा संबंधी चर्चाओं में प्रमुख स्थान मिलना चाहिए. किसानों, वनकर्मियों और मछुआरों को नीति निर्माण और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन के केंद्र में रखा जाना चाहिए.

कृषि कार्यक्रमों के लिए पर्याप्त फंडिंग जरूरी

होगन ने कहा कि स्थानीय कृषि उत्पादन मजबूत करने और खाद्य प्रणालियों को बाहरी झटकों से बचाने के लिए पर्याप्त वित्तीय मदद जरूरी है. उन्होंने स्थानीय स्तर पर कृषि क्षमता बढ़ाने वाले कार्यक्रमों पर ध्यान देने की बात कही.

होगन ने जलवायु परिवर्तन को कृषि-खाद्य प्रणाली के हर पहलू में शामिल करने पर जोर दिया. इसमें उत्सर्जन घटाने और खेती को बदलती जलवायु के अनुकूल बनाना शामिल है. तकनीक के इस्तेमाल पर उन्होंने डिजिटल कृषि और कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी AI को बढ़ावा देने की बात कही. 

हालांकि, उन्होंने आगाह किया कि तकनीकी बदलाव में छोटे किसानों को पीछे नहीं छूटना चाहिए. नई तकनीक छोटे किसानों तक भी पहुंचनी चाहिए, ताकि वे उत्पादन और संसाधन प्रबंधन में इसका लाभ उठा सकें.

कृषि-खाद्य क्षेत्र से रोजगार के अवसर

होगन ने कृषि-खाद्य क्षेत्र को रोजगार सृजन का अहम माध्यम बताया. उन्होंने खास तौर पर अफ्रीका और भारत जैसे देशों में इस क्षेत्र के जरिए रोजगार बढ़ाने की जरूरत बताई. कृषि उत्पादन और उससे जुड़ी गतिविधियों को मजबूत करने से आजीविका के नए अवसर बन सकते हैं.

POST A COMMENT