फल-फूल-सब्‍जियों का बढ़ेगा उत्‍पादन: आलू-टमाटर के प्रोडक्‍शन में भारी उछाल! केला-पपीता-सेब-अनार में भी तेजी

फल-फूल-सब्‍जियों का बढ़ेगा उत्‍पादन: आलू-टमाटर के प्रोडक्‍शन में भारी उछाल! केला-पपीता-सेब-अनार में भी तेजी

भारत में बागवानी फसलों का उत्पादन वर्ष 2025-26 में 4.36% बढ़कर 3869.15 लाख टन पहुंचने का अनुमान है. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तीसरे अग्रिम अनुमान जारी किए.

Advertisement
फल-फूल-सब्‍जियों का बढ़ेगा उत्‍पादन: आलू-टमाटर के प्रोडक्‍शन में भारी उछाल! केला-पपीता-सेब-अनार में भी तेजीबागवानी उत्‍पादन बढ़ने का अनुमान (AI Image)

देश में बागवानी फसलों के उत्पादन में इस साल अच्छी बढ़ोतरी दर्ज होने का अनुमान है. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज वर्ष 2025-26 के लिए बागवानी फसलों के क्षेत्रफल और उत्पादन के तीसरे अग्रिम अनुमान जारी किए. कृषि मंत्री ने बताया कि देश में कुल बागवानी उत्पादन 3869.15 लाख टन पहुंचने की संभावना है. यह पिछले साल के 3707.38 लाख टन के मुकाबले 161.77 लाख टन यानी 4.36 प्रतिशत ज्‍यादा है. खास बात यह है कि बागवानी फसलों का कुल रकबा घटने के बावजूद उत्पादन में बढ़ोतरी का अनुमान है.

कम रकबे में ज्यादा उत्पादन का अनुमान

कृषि मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025-26 में बागवानी फसलों का कुल क्षेत्रफल 297.21 लाख हेक्टेयर रहने का अनुमान है. पिछले साल यह 301.36 लाख हेक्टेयर था. यानी इस बार करीब 4.15 लाख हेक्टेयर कम क्षेत्र में बागवानी फसलों का उत्पादन होने की संभावना है. इसके बावजूद फल, सब्जियां, फूल, रोपण फसलें और सुगंधित और औषधीय पौधों के उत्पादन में बढ़ोतरी का अनुमान लगाया गया है.

फल उत्पादन में 54 लाख टन से ज्यादा की वृद्धि

तीसरे अग्रिम अनुमान के मुताबिक, देश में फलों का उत्पादन 2025-26 में बढ़कर 1230.66 लाख टन पहुंच सकता है. वर्ष 2024-25 में यह 1176.49 लाख टन था. इस तरह फलों के उत्पादन में 54.18 लाख टन यानी 4.60 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है. केला, आम, पपीता, सेब, अनार और कटहल की बेहतर पैदावार को इस बढ़ोतरी की प्रमुख वजह माना गया है.

सब्जियों का उत्पादन 2272 लाख टन पहुंचने की उम्मीद

सब्जियों के उत्पादन में भी अच्छी बढ़ोतरी का अनुमान है. वर्ष 2025-26 में सब्जियों का कुल उत्पादन 2272.68 लाख टन रहने की संभावना है, जो पिछले साल के 2177.97 लाख टन से 4.35 प्रतिशत अधिक है. वहीं, सब्जियों की खेती का रकबा भी 117.91 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 119.31 लाख हेक्टेयर होने का अनुमान है. आलू, टमाटर, बैंगन, लौकी, खीरा, गोभी, फलियां और मटर के उत्पादन में बढ़ोतरी की उम्मीद है.

आलू उत्पादन में करीब 12 फीसदी की छलांग

सब्जियों में आलू के उत्पादन में सबसे बड़ी बढ़ोतरी का अनुमान लगाया गया है. वर्ष 2025-26 में आलू का उत्पादन 655.70 लाख टन रहने की संभावना है, जबकि पिछले साल यह 585.71 लाख टन था. इस तरह आलू उत्पादन में 11.95 प्रतिशत की वृद्धि हो सकती है. वहीं, टमाटर का उत्पादन भी 205.99 लाख टन से बढ़कर 214.11 लाख टन पहुंचने का अनुमान है. प्याज का उत्पादन 288.96 लाख टन रहने की संभावना जताई गई है.

फूलों की पैदावार में 14.45 फीसदी की बढ़ोतरी

फूलों की खेती करने वाले किसानों के लिए भी अनुमान उत्साहजनक हैं. वर्ष 2025-26 में फूलों का उत्पादन 48.82 लाख टन रहने की उम्मीद है. पिछले साल यह 42.65 लाख टन था. इस तरह फूलों के उत्पादन में करीब 14.45 प्रतिशत की बढ़ोतरी का अनुमान है. फूलों की खेती का रकबा भी बढ़कर 4.10 लाख हेक्टेयर होने की संभावना है.

रोपण फसलों और औषधीय पौधों का उत्पादन भी बढ़ेगा

रोपण फसलों के उत्पादन में भी बढ़ोतरी का अनुमान लगाया गया है. सुपारी, नारियल, काजू, पान के पत्ते और कोको जैसी फसलों का कुल उत्पादन 7.56 प्रतिशत बढ़कर 182.64 लाख टन पहुंच सकता है. वहीं, सुगंधित एवं औषधीय पौधों का उत्पादन पिछले साल के 9.01 लाख टन से बढ़कर 9.28 लाख टन रहने का अनुमान है.

मसालों का उत्पादन इतना रहने का अनुमान

मसाला फसलों के मामले में भी उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है. सुपारी एवं मसाला विकास निदेशालय के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2025-26 में मसालों का कुल क्षेत्रफल 47.56 लाख हेक्टेयर रहने और उत्पादन 123.54 लाख टन पहुंचने का अनुमान है. हल्दी, लहसुन, करी पत्ता और इलायची की बेहतर पैदावार से उत्पादन को बढ़ावा मिलने की संभावना है.

कृषि मंत्री चौहान ने जताई खुशी

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्पादन में बढ़ोतरी पर खुशी जताते हुए किसानों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में बागवानी क्षेत्र का यह प्रदर्शन किसानों की मेहनत और सरकार की किसान हितैषी नीतियों का परिणाम है. बढ़ता उत्पादन देश की पोषण सुरक्षा को मजबूत करने के साथ बागवानी किसानों की आमदनी बढ़ाने में भी मददगार होगा.

उन्होंने कहा कि देश में खेती का स्वरूप तेजी से बदल रहा है और किसान पारंपरिक फसलों के साथ फल, सब्जियों, फूलों, मसालों, रोपण फसलों और औषधीय पौधों की खेती की ओर भी रुख कर रहे हैं. कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और अन्य सरकारी एजेंसियों से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ये तीसरे अग्रिम अनुमान जारी किए हैं.

POST A COMMENT