नई दिल्ली में भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में खेती को समर्पित ‘मंडप’ सजा, स्टॉल्स पर उमड़ रही भीड़

नई दिल्ली में भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में खेती को समर्पित ‘मंडप’ सजा, स्टॉल्स पर उमड़ रही भीड़

नई दिल्ली के भारत मंडपम (प्रगति मैदान) में भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के दौरान कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय का कृषि मंडप आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. यहां कश्मीरी केसर, पूर्वोत्तर के जैविक उत्पाद, मोटे अनाज, हाइड्रोपोनिक खेती और आधुनिक कृषि तकनीकों के स्टॉल पर लोगों की भीड़ जुट रही है. जानिए व्‍यापार मेला कब तक चलेगा...

Advertisement
नई दिल्ली में भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में खेती को समर्पित ‘मंडप’ सजा, स्टॉल्स पर उमड़ रही भीड़IITF के कृषि मंडप में पहुंचे संयुक्‍त सचिव (विस्‍तार)

नई दिल्ली के भारत मंडपम (प्रगति मैदान) में आयोजित भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ) में इस बार ‘कृषि मंडप’ लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है. कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की ओर से लगाए गए इस मंडप में आधुनिक खेती, कृषि तकनीक, किसानों के लिए सरकारी योजनाओं और देश के अलग-अलग राज्यों के खास कृषि उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है. यहां लगे कई स्टॉल्स पर लोगों की भीड़ जुट रही है. खासकर कश्मीरी केसर, पूर्वोत्तर के जैविक उत्पाद, मोटे अनाज और आधुनिक कृषि तकनीकों को देखने के लिए आगंतुक पहुंच रहे हैं.

13 नवंबर से शुरू हुए इस मेले में कृषि मंडप को किसानों की आय बढ़ाने, खेती को तकनीक से जोड़ने और कृषि उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने की पहल के रूप में तैयार किया गया है. यहां खेती में हो रहे बदलावों के साथ सरकार की प्रमुख कृषि योजनाओं और उनके एक्‍जीक्‍यूशन की जानकारी दिखाई गई है. संयुक्त सचिव (विस्तार) ने भी कृषि मंडप का दौरा किया और वहां मौजूद प्रदर्शकों, किसानों और तकनीकी नवाचार से जुड़े लोगों से बातचीत की. उन्होंने टिकाऊ और आधुनिक कृषि को लेकर किए जा रही कोशिशों की सराहना की.

डिजिटल खेती और एग्रीस्टैक का लाइव प्रदर्शन

मंडप में डिजिटल कृषि से जुड़ी पहल लोगों के लिए खास आकर्षण बनी हुई है. यहां एग्रीस्टैक, डिसीजन सपोर्ट सिस्टम (डीएसएस) और डिजिटल फसल सर्वेक्षण जैसी तकनीकों की जानकारी दी जा रही है. एआर और वीआर तकनीक के माध्यम से फसल सर्वेक्षण की प्रक्रिया को भी समझाया गया है. इसके अलावा भू-स्थानिक तकनीक के इस्तेमाल से कृषि संबंधी जानकारी जुटाने और फैसले लेने की प्रक्रिया दिखाई गई है.

प्राकृतिक खेती, दलहन और तिलहन मिशन पर फोकस

कृषि मंडप में राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत प्राकृतिक खेती का मॉडल प्रदर्शित किया गया है. इसके जरिए खेती में रासायनिक इनपुट पर निर्भरता कम करने और पर्यावरण अनुकूल तरीकों को अपनाने की जानकारी दी जा रही है. दलहन मिशन और तिलहन विकास से जुड़ी प्रदर्शनियां भी लगाई गई हैं. इनके माध्यम से देश में दलहन और खाद्य तेलों का उत्पादन बढ़ाने के प्रयासों को समझाया गया है.

मोटे अनाज के स्टॉल पर दिख रही खास दिलचस्पी

मोटे अनाज यानी मिलेट्स से जुड़ा हिस्सा भी आगंतुकों के बीच लोकप्रिय है. मिलेट्स विकास निदेशालय के सहयोग से तैयार इस जोन में अलग-अलग मोटे अनाज के बीजों के नमूने रखे गए हैं. यहां लोगों को इनके पोषण संबंधी गुणों और खेती की जानकारी मिल रही है. साथ ही मोटे अनाज से तैयार खाद्य उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए हैं, जहां लोग इनके विभिन्न उत्पादों को देख सकते हैं.

कश्मीरी केसर से लेकर लाकाडोंग हल्दी तक की प्रदर्शनी

कृषि मंडप में किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के स्टॉल भी लोगों का ध्यान खींच रहे हैं. यहां देश के अलग-अलग क्षेत्रों के विशेष कृषि उत्पादों को बाजार से जोड़ने की कोशिश की गई है. जम्मू-कश्मीर के पंपोर एफपीओ ने केसर, कहवा और शुद्ध एसेंशियल ऑयल प्रदर्शित किए हैं. 

वहीं, हरगांव एफपीओ की ओर से अलग-अलग स्वादों वाला गुड़ पेश किया गया है. दसूहा एफपीओ के स्टॉल पर काले चावल और बासमती चावल की विशेष किस्में देखने को मिल रही हैं.

पूर्वोत्तर के उत्पादों में मेघालय के तंगसिम एग्रो एफपीओ की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र है. यहां स्थानीय फलों से तैयार वाइन, लाकाडोंग हल्दी और बांस के अंकुर का अचार प्रदर्शित किया गया है. इन स्टॉल्स के जरिए क्षेत्रीय कृषि उत्पादों और स्थानीय किसानों के उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने की पहल दिखाई गई है.

हाइड्रोपोनिक्स और मधुमक्खी पालन का लाइव डेमो

आधुनिक बागवानी और कृषि से जुड़े दूसरे क्षेत्रों की तकनीकें भी मंडप में प्रदर्शित की गई हैं. नेशनल हॉर्टिकल्चर बोर्ड की ओर से हाइड्रोपोनिक खेती का लाइव प्रदर्शन किया जा रहा है. इसमें मिट्टी के बिना पौधे उगाने की तकनीक को समझाया जा रहा है. इसके अलावा कोको प्रसंस्करण और नेशनल बी बोर्ड की ओर से मधुमक्खी पालन और शहद निकालने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया जा रहा है. इन प्रदर्शनों में बच्चों और परिवारों की भी दिलचस्पी देखने को मिल रही है.

फसल बीमा और सिंचाई तकनीक की भी जानकारी

कृषि मंडप में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लिए भी विशेष खंड बनाया गया है. यहां किसानों को फसल नुकसान की स्थिति में बीमा सुरक्षा और योजना से जुड़ी जानकारी दी जा रही है. वहीं, 'पर ड्रॉप मोर क्रॉप' पहल के तहत ड्रिप और स्प्रिंकलर जैसी सूक्ष्म सिंचाई प्रणालियों का प्रदर्शन किया गया है. इनके माध्यम से कम पानी में सिंचाई करने और जल संरक्षण के तरीकों को समझाया जा रहा है.

स्मार्ट फार्मिंग और कृषि मशीनरी पर जोर

मंडप में फसल सुरक्षा और आधुनिक कृषि उपकरणों से जुड़े स्टॉल भी लगाए गए हैं. यहां कीटनाशकों के सुरक्षित इस्तेमाल, नेशनल पेस्ट सर्विलांस सिस्टम (एनपीएसएस), मोबाइल ऐप और उन्नत कृषि मशीनरी के बारे में जानकारी दी जा रही है. इसके अलावा ई-नाम नेटवर्क और एफपीओ के माध्यम से कृषि उत्पादों की बिक्री और मार्केटिंग से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी प्रदर्शित किया गया है.

27 नवंबर तक रोजाना देख सकेंगे कृषि मंडप

भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में लगा कृषि मंडप 27 नवंबर 2026 तक रोजाना आगंतुकों के लिए खुला रहेगा. यहां किसान, कृषि क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ, उद्योग प्रतिनिधि और आम लोग खेती में इस्तेमाल हो रही नई तकनीकों, सरकारी योजनाओं और देश के विभिन्न राज्यों के कृषि उत्पादों को करीब से देख सकेंगे.

POST A COMMENT