'खेती से भविष्य बदलने के लिए किसानों को बनना होगा स्‍मार्ट', महिंद्रा के विजय नाकरा ने बताया नया मंत्र

'खेती से भविष्य बदलने के लिए किसानों को बनना होगा स्‍मार्ट', महिंद्रा के विजय नाकरा ने बताया नया मंत्र

महिंद्रा एंड महिंद्रा के फार्म इक्विपमेंट बिजनेस के प्रेसिडेंट विजय नाकरा ने Kisan Tak Bharat Agriculture Conference 2026 में खेती के भविष्य के लिए 'स्मार्ट किसान' का मंत्र दिया. उन्होंने कहा कि AI, डेटा, आधुनिक मशीनरी और प्रिसिजन फार्मिंग से कृषि उत्पादकता बढ़ाने, पानी बचाने और किसानों की आमदनी सुधारने में मदद मिलेगी.

Advertisement
'खेती से भविष्य बदलने के लिए किसानों को बनना होगा स्‍मार्ट', महिंद्रा के विजय नाकरा ने बताया नया मंत्रमहिंद्रा फार्म इक्विपमेंट बिजनेस प्रेसिडेंट विजय नाकरा

Kisan Tak Bharat Agriculture Conference 2026: भारतीय कृषि क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए अब सिर्फ फसल उत्पादन बढ़ाने पर ध्यान देना पर्याप्त नहीं होगा. खेती को अधिक उत्पादक और मुनाफे का कारोबार बनाने के लिए आधुनिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा और फार्म मशीनरी को कृषि व्यवस्था का हिस्सा बनाना होगा. महिंद्रा एंड महिंद्रा ग्रुप के फार्म इक्विपमेंट बिजनेस के प्रेसिडेंट विजय नाकरा ने कहा कि भारतीय कृषि इस समय बदलाव के अहम मोड़ पर है और देश के पास खेती की पूरी व्यवस्था को आधुनिक बनाने का अवसर है. उन्होंने इसके लिए 'स्मार्ट किसान' का मंत्र दिया. दिल्ली के भारत मंडपम में इंडिया टुडे ग्रुप की ओर से आयोजित 'किसान तक भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026' के पहले दिन नाकरा ने 'यही समय है, सही समय' सत्र में अपने विचार रखे. 

उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा किसी भी देश की आर्थिक तरक्की और समृद्धि का आधार है. इसे सुनिश्चित करने में किसानों की सबसे बड़ी भूमिका है. इसलिए किसानों को बदलते मौसम, जलवायु अनिश्चितता, बढ़ती खेती लागत, मजदूरों की कमी और प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ते दबाव जैसी समस्याओं से निपटने के लिए जरूरी सुविधाएं और तकनीक उपलब्ध करानी होगी.

हर एकड़ से ज्यादा कमाई पर होना चाहिए जोर

विजय नाकरा ने कहा कि भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और कृषि उत्पादन के मामले में भी प्रमुख देशों में शामिल है. देश दुनिया का सबसे बड़ा ट्रैक्टर बाजार भी है. इसके बावजूद प्रति हेक्टेयर कृषि उत्पादन के मामले में भारत कई दूसरी कृषि अर्थव्यवस्थाओं से पीछे है.

उन्होंने कहा कि अब कृषि क्षेत्र के सामने लक्ष्य सिर्फ ज्यादा अनाज पैदा करना नहीं होना चाहिए. जमीन के हर एकड़, पानी की हर बूंद और किसान की मेहनत से अधिक मूल्य हासिल करना जरूरी है. खेती की कामयाबी का आकलन केवल खेत में पैदा हुई फसल से नहीं किया जा सकता. फसल के भंडारण, परिवहन, फूड प्रोसेसिंग और बाजार तक पहुंच को मजबूत करके भी किसानों के लिए अतिरिक्त मूल्य तैयार करना होगा.

पराली, पानी और मिट्टी की चुनौतियों में तकनीक आएगी काम

नाकरा ने कहा कि भारतीय कृषि को पराली प्रबंधन, पानी की उपलब्धता और मिट्टी की घटती सेहत जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. आने वाले वर्षों में पानी की मांग और बढ़ सकती है. खेती के साथ उद्योग, बिजली उत्पादन और डेटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में भी पानी की जरूरत बढ़ रही है. ऐसे में कृषि और दूसरे क्षेत्रों की जरूरतों के बीच संतुलन बनाना महत्वपूर्ण होगा.

उन्होंने बताया कि जीरो टिलेज और मल्टी क्रॉप सीडिंग जैसी तकनीकों से फसल अवशेषों को हटाए बिना खेत में सीधे बुवाई की जा सकती है. इससे पराली प्रबंधन में मदद मिलती है. वहीं, बेलर मशीनों के जरिए फसल अवशेषों को इकट्ठा करके उनका दूसरे कामों में इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे खेतों में पराली जलाने की जरूरत कम करने और मिट्टी की सेहत बनाए रखने में मदद मिलती है.

इसके अलावा सेंसर, सॉफ्टवेयर, AI और स्मार्ट ड्रिप इरिगेशन जैसी तकनीकें पानी के इस्तेमाल को अधिक प्रभावी बना सकती हैं. इनकी मदद से किसानों को फसल और मौसम की जरूरत के अनुसार खेती संबंधी फैसले लेने में आसानी होगी.

भारत में खेती का मशीनीकरण अभी 50 फीसदी से कम

महिंद्रा के फार्म इक्विपमेंट बिजनेस के प्रेसिडेंट ने कृषि मशीनीकरण को भी भविष्य की खेती के लिए महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि भारत में खेती का मशीनीकरण अभी 50 फीसदी से कम है, जबकि विकसित देशों में यह स्तर करीब 90 फीसदी तक पहुंच चुका है. इससे देश में कृषि मशीनों और आधुनिक उपकरणों के इस्तेमाल की संभावनाओं का अंदाजा लगाया जा सकता है.

उन्होंने कहा कि कृषि मशीनरी का उद्देश्य केवल उत्पादन बढ़ाना नहीं होना चाहिए. मशीनों से किसानों की मेहनत कम करने, काम को सुरक्षित बनाने और खेती को सुविधाजनक बनाने पर भी ध्यान देना जरूरी है. इस दिशा में किफायती AC ट्रैक्टर केबिन, ऑटोनॉमस मशीनों और प्रिसिजन फार्मिंग से जुड़े उपकरणों पर काम किया जा रहा है. इसके अलावा वैकल्पिक ईंधन, टेलीमैटिक्स और नई पीढ़ी की कृषि मशीनों में भी निवेश बढ़ रहा है.

AI और डेटा से फैसले लेना होगा आसान

विजय नाकरा के मुताबिक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा, कंप्यूटिंग और सेमीकंडक्टर तकनीक का एक साथ इस्तेमाल कृषि क्षेत्र में बड़े बदलाव ला सकता है. इससे किसानों को केवल पुराने अनुभव और अनुमानों के आधार पर फैसले लेने के बजाय सटीक जानकारी के जरिए खेती करने में मदद मिलेगी.

उन्होंने कहा कि AI आधारित सलाह प्रणाली, कंप्यूटर विजन, ऑटोनॉमस ट्रैक्टर और ह्यूमनॉइड तकनीकें भविष्य की खेती में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं. इनके इस्तेमाल से मिट्टी की सेहत की रियल टाइम जानकारी जुटाना, फसलों में बीमारी के शुरुआती संकेत पहचानना और सिंचाई के लिए पानी की जरूरत का बेहतर आकलन करना संभव होगा.

हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि तकनीक विकसित करना ही पर्याप्त नहीं है. किसानों तक इनका लाभ पहुंचाने के लिए समाधान किफायती और इस्तेमाल में आसान होने चाहिए. साथ ही, नई मशीनों और तकनीकों को खरीदने के लिए किसानों को बेहतर फाइनेंस की सुविधा उपलब्ध कराना भी जरूरी है.

सरकार और निजी क्षेत्र मिलकर तैयार करें 'स्मार्ट किसान'

अपने संबोधन में नाकरा ने कहा कि भारतीय कृषि में व्यापक बदलाव लाने के लिए सरकार या कोई एक निजी कंपनी अकेले काम नहीं कर सकती. इसके लिए केंद्र और राज्य सरकारों, कंपनियों, स्टार्टअप, विश्वविद्यालयों, रिसर्च संस्थानों और किसान उत्पादक संगठनों (FPO) को मिलकर प्रयास करने होंगे. उन्होंने कहा कि भारत के पास कृषि क्षेत्र को नई दिशा देने का यह सही समय है. 

इस बदलाव को केवल तकनीक और मशीनों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि पूरी कृषि व्यवस्था में सुधार के अवसर के रूप में देखना चाहिए. विजय नाकरा ने कहा कि भविष्य की खेती का मंत्र 'स्मार्ट किसान' होना चाहिए. कृषि क्षेत्र की वास्तविक सफलता इस बात से तय होगी कि नई तकनीक और मशीनों से किसानों की उत्पादकता और आमदनी में कितना सुधार हुआ है. साथ ही, खेती को कितना आसान और सुविधाजनक बनाया जा सका है और किसानों को समाज में कितना सम्मान मिल रहा है.

POST A COMMENT