
पनीर रहेगा 10 दिनों तक ताजादेश में पनीर की बढ़ती मांग के बीच वैज्ञानिकों ने एक ऐसी नई तकनीक विकसित की है, जिससे पनीर पहले की तुलना में अधिक समय तक ताजा और सुरक्षित रखा जा सकेगा. ICAR (भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद) के नेशनल डेयरी रिसर्च इंस्टीट्यूट (NDRI), करनाल ने एंटीमाइक्रोबियल कोएगुलेंट फॉर्मूलेशन (AMCF) नाम की एक नई तकनीक विकसित की है. ये तकनीक पनीर बनाने के साथ-साथ उसमें हानिकारक बैक्टीरिया की वृद्धि को भी रोकने में मदद करती है. इससे पनीर की शेल्फ लाइफ 10 दिन से अधिक बढ़ाई जा सकती है.
AMCF यानी Antimicrobial Coagulant Formulation एक डुअल-फंक्शन (दोहरा काम करने वाला) फॉर्मूलेशन है. इसका मतलब है कि ये सिर्फ दूध को फाड़कर पनीर बनाने का काम ही नहीं करता, बल्कि प्राकृतिक एंटीमाइक्रोबियल एजेंट की तरह भी काम करता है. इससे पनीर लंबे समय तक सुरक्षित रहता है और खराब होने की संभावना कम हो जाती है.
इस तकनीक में Lactobacillus plantarum MTCC 25406 नाम के लाभकारी (गुड) बैक्टीरिया का उपयोग किया गया है. यह एक प्राकृतिक सूक्ष्मजीव है, जो हानिकारक बैक्टीरिया की बढ़त को रोकने में मदद करता है. इसी वजह से पनीर की क्वालिटी और सुरक्षा दोनों बेहतर बनी रहती हैं.

नई तकनीक की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इससे पनीर का स्वाद, बनावट (टेक्सचर) और क्वालिटी लंबे समय तक बनी रहती है. आमतौर पर कुछ दिनों बाद पनीर का स्वाद बदलने लगता है या वह जल्दी खराब होने लगता है, लेकिन AMCF तकनीक इस समस्या को काफी हद तक कम कर सकती है.
यह तकनीक खासतौर पर संगठित डेयरी उद्योग के साथ-साथ छोटे और मध्यम डेयरी उत्पादकों के लिए भी उपयोगी साबित हो सकती है. कई छोटे डेयरी कारोबारी पनीर के जल्दी खराब होने के कारण आर्थिक नुकसान उठाते हैं. अब वे इस तकनीक की मदद से पनीर को अधिक समय तक सुरक्षित रख सकेंगे, जिससे बर्बादी कम होगी और मुनाफा बढ़ सकता है.
भारत दुनिया के सबसे बड़े दुग्ध उत्पादक देशों में शामिल है. ऐसे में दूध से बनने वाले उत्पादों की क्वालिटी और उनकी शेल्फ लाइफ बढ़ाना बेहद जरूरी है. ICAR-NDRI की यह नई तकनीक न केवल खाद्य सुरक्षा को मजबूत करेगी, बल्कि डेयरी उद्योग की लागत कम करने, उत्पाद की बर्बादी घटाने और किसानों और डेयरी उद्यमियों की आय बढ़ाने में भी मददगार साबित हो सकती है. ऐसे में AMCF तकनीक भारतीय डेयरी क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण नवाचार है. इससे पनीर अधिक समय तक ताजा, सुरक्षित और स्वादिष्ट बना रहेगा, जिसका लाभ उत्पादकों से लेकर उपभोक्ताओं तक सभी को मिलेगा.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today