किसानों के बीच पहुंचे सीएम और मंत्रीमहाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर के ग्रामीण इलाकों में सिंचाई, पेयजल और पशुपालन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया है. दिवाली के दौरान ग्रामीण नागपुर के दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने किसानों और ग्राम पंचायतों के सरपंचों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सामने आए मुद्दों पर राज्य सरकार प्राथमिकता के आधार पर कदम उठाएगी. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि क्षेत्र में पानी की कमी बागवानी के लिए बड़ी चुनौती बन रही है.
लंबे समय से तैयार हो रहे फलदार पेड़ों के सूखने से किसानों को भारी नुकसान हो सकता है. उन्होंने कहा कि अगर पानी की कमी के कारण पुराने फलदार पेड़ नष्ट हो जाते हैं तो नए पेड़ लगाने और उनसे दोबारा फल हासिल करने में 7 से 12 साल तक का समय लग सकता है. इसलिए सरकार की तत्काल प्राथमिकता मौजूदा बागों को बचाना है.
पानी की समस्या से जूझ रहे किसानों को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री ने बोरवेल खुदाई से जुड़े प्रतिबंधों में अस्थायी छूट देने की घोषणा की. उन्होंने बताया कि पहले बोरवेल खोदने पर रोक लगाई गई थी, लेकिन अब स्थानीय किसानों को अपने फलदार बागों को बचाने के लिए 15 दिसंबर तक बोरवेल खुदाई की अनुमति दी गई है.
फडणवीस ने किसानों और सरपंचों के साथ हुई बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल, सिंचाई और पशुओं के इलाज के लिए पशु चिकित्सालयों की उपलब्धता जैसे कई अहम मुद्दे सामने आए हैं. राज्य सरकार इन सभी समस्याओं पर जल्द कार्रवाई करेगी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों को ध्यान में रखकर संबंधित मामलों का समाधान किया जाएगा.
दिवाली के दौरान नागपुर के लोहारी सावंगा गांव में किसान रामभाऊ बलपांडे और उनकी पत्नी अरुणा बलपांडे के घर रात बिताने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना पर भी मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी. फडणवीस ने प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी समाज के वंचित वर्गों, किसानों और दिव्यांगजनों सहित विभिन्न तबकों के लोगों से आत्मीयता के साथ मिलते हैं और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता देते हैं.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह व्यवहार उन्हें भी जरूरतमंद लोगों की सेवा करने की प्रेरणा देता है. किसान परिवार के साथ बिताए समय को याद करते हुए फडणवीस ने कहा कि रामभाऊ बलपांडे और उनकी पत्नी अरुणा बलपांडे के घर ठहरने से उन्हें काफी ताकत और आत्मविश्वास मिला. इस अनुभव से उन्होंने कई बातें सीखीं और किसान परिवार के आतिथ्य का आनंद लिया. (पीटीआई)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today