करनाल में इस सीजन पराली जलाने के इतने मामले सामने आए, पुलिस ने दर्ज की FIR

करनाल में इस सीजन पराली जलाने के इतने मामले सामने आए, पुलिस ने दर्ज की FIR

हरियाणा के करनाल में इस सीजन पराली जलाने के 25 मामले सामने आए हैं. जांच में 11 मामलों की पुष्टि होने पर कृषि विभाग ने संबंधित किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई और जुर्माना वसूला. रेड एंट्री के चलते ये किसान अगले दो फसल सीजन तक MSP पर अपनी उपज नहीं बेच सकेंगे.

Advertisement
करनाल में इस सीजन पराली जलाने के इतने मामले सामने आए, पुलिस ने दर्ज की FIRपराली जलाने के मामलों में कार्रवाई (फाइल फोटो)

हरियाणा के करनाल जिले में धान कटाई के बाद पराली जलाने की घटनाओं को लेकर जिला प्रशासन ने कार्रवाई की है. इस साल जिले में पराली जलाने की कुल 25 शिकायतें सामने आई थीं. जांच के बाद इनमें से 11 मामलों में पराली जलाने की पुष्टि हुई. कृषि विभाग की ओर से संबंधित किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है और उनसे जुर्माना भी वसूला गया है.

दो सीजन तक MSP पर फसल नहीं बेच पाएंगे किसान

जिन किसानों के खिलाफ पराली जलाने के मामले में एफआईआर दर्ज हुई है, उन्हें रेड एंट्री में रखा गया है. इसके चलते ये किसान अगले दो फसल सीजन तक अपनी उपज न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर नहीं बेच सकेंगे. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पराली जलाने के मामलों में नियमों के अनुसार कार्रवाई की गई है.

पिछले साल के मुकाबले कम हुए पराली जलाने के मामले

करनाल के जिला उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि इस साल पिछले साल की तुलना में पराली जलाने की घटनाओं में कमी आई है. कृषि विभाग और जिला प्रशासन ने धान कटाई के दौरान किसानों को लगातार जागरूक किया. इसका सकारात्मक असर देखने को मिला और किसानों ने पराली प्रबंधन में प्रशासन का सहयोग किया.

पराली जलाने पर नजर रखने के लिए बनाई गईं 650 टीमें

उपायुक्त ने बताया कि पराली जलाने की घटनाओं को रोकने और किसानों को जागरूक करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से 650 टीमें गठित की गई थीं. ये टीमें गांवों में जाकर किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति जागरूक कर रही थीं. साथ ही पराली जलाने की संभावित घटनाओं पर भी नजर रख रही थीं.

सब्सिडी लेकर किसानों ने किया पराली का प्रबंधन

डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि हरियाणा सरकार की ओर से पराली प्रबंधन के लिए दी जा रही सब्सिडी का भी बड़ी संख्या में किसानों ने लाभ उठाया. किसानों ने फसल अवशेषों को जलाने के बजाय उनके प्रबंधन को प्राथमिकता दी. उन्होंने कहा कि इस बार किसानों ने पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी को समझा और जिला प्रशासन का सहयोग किया.

पर्यावरण प्रदूषण के एक अन्य मामले में भी FIR

जिला उपायुक्त ने बताया कि पराली जलाने के 11 मामलों में किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. इसके अलावा पर्यावरण प्रदूषण फैलाने के एक अन्य मामले में भी एक व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है. प्रशासन का उद्देश्य नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के साथ लोगों में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ाना है.

POST A COMMENT