छत्तीसंगढ़ काे 515 नई पैक्स समितियों की सौगातमुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन से 515 नवगठित प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) का वर्चुअल शुभारंभ किया. उन्होंने इसे सहकार से समृद्धि के संकल्प की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया. मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि नई समितियों के शुरू होने के साथ ही प्रदेश में सहकारी समितियों की कुल संख्या बढ़कर 2573 हो गई है. उन्होंने कहा कि सरकार सहकारिता के माध्यम से खेती-किसानी में सुविधाओं का विस्तार कर रही है, जिससे किसानों को स्थानीय स्तर पर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें.
उन्होंने बताया कि नई पैक्स समितियां बहुउद्देश्यीय सोसायटी के रूप में कार्य करेंगी. इनके माध्यम से किसानों को खाद, बीज और अल्पकालीन ऋण जैसी सुविधाएं उनके गांव के नजदीक उपलब्ध होंगी. इसके साथ ही धान खरीदी की प्रक्रिया को भी सरल बनाया जाएगा, ताकि किसान अपनी निकटतम समिति में ही उपज बेच सकें.
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि पहले से संचालित 2058 समितियों का कंप्यूटरीकरण किया जा चुका है और उनमें माइक्रो एटीएम की सुविधा उपलब्ध कराई गई है. इन मशीनों के माध्यम से किसान 20 हजार रुपये तक की राशि निकाल सकते हैं.
उन्होंने कहा कि नवगठित 515 समितियों में से 197 समितियां आदिवासी क्षेत्रों में स्थापित की गई हैं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के किसानों को भी सहकारिता सेवाओं का लाभ मिलेगा. इसके अलावा इन समितियों को भविष्य में दुग्ध उत्पादन, मछली पालन जैसी सहायक गतिविधियों से जोड़ने की योजना है.
समितियों में लोक सेवा केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे, जहां एक ही स्थान पर 25 से अधिक सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. मुख्यमंत्री ने किसानों से इन समितियों के सदस्य बनने और इनके संचालन में भागीदारी करने की अपील की.
इस अवसर पर सहकारिता मंत्री केदार कश्यप, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, रोजगार एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, अपेक्स बैंक के प्राधिकृत अधिकारी केदारनाथ गुप्ता, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत और सहकारिता विभाग के सचिव सी.आर. प्रसन्ना सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल रूप से मौजूद थे.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today