पद्मश्री ट्रिनिटी साइयो भारत हल्दी का सबसे बड़ा उत्पादक, उपभोक्ता और निर्यातक देश है। देश के कई प्रमुख राज्यों में हल्दी की खेती बड़े पैमाने पर की जाती है। सबसे आगे है तेलंगाना। इसके बाद हल्दी उगाने में दूसरे नंबर पर आता है महाराष्ट्र, आगे जुड़ते जाते हैं आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक। मगर इस कहानी में हम आपको लेकर चलेंगे मेघालय जहां की हल्दी और इसे उगाने वाली ट्रिनिटी साइयू, टर्मरिक ट्रिनिटी के नाम से मशहूर हो चुकी हैं। मेघालय के वेस्ट जैंतिया हिल्स की रहने वाली ट्रिनिटी पेशे से स्कूल टीचर थीं। लेकिन खेती के प्रति उनका जुड़ाव उन्हें उस रास्ते पर ले गया, जिसने बाद में उन्हें पद्मश्री तक पहुंचाया।
मेघालय में हल्दी की एक खास किस्म होती है। नाम है- लाकाडोंग। ट्रिनिटी ने साल 2003 के आसपास लाकाडोंग हल्दी की खेती पर काम शुरू किया। यह मेघालय की प्रसिद्ध हल्दी की एक किस्म है। इसे हाई करक्यूमिन कंटेंट और बेहतर गुणवत्ता के लिए जाना जाता है। टीचिंग के दौरान खेती से जो जुड़ाव था वो हल्दी की इस वैरायटी के कारण ही और गहरा हुआ। ट्रिनिटी ने देखा कि इस हल्दी की किस्म को सिर्फ मेघालय तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने महसूस किया कि अगर इस पारंपरिक किस्म की बेहतर खेती,प्रोसेसिंग और मार्केटिंग की जाए तो किसान इससे ज्यादा आमदनी हासिल कर सकते हैं। उन्होंने गांव की दूसरी महिलाओं को भी इसके लिए तैयार करना शुरू किया। शुरुआत 25 महिलाओं के साथ हुई।
धीरे-धीरे 25 महिलाओं का छोटा सा समूह एक बड़े किसान नेटवर्क में बदल गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह 100 महिला समूहों से जुड़ी हैं। ट्रिनिटी ने सिर्फ उत्पादन बढ़ाने की बात नहीं की। उन्होंने किसानों को यह भी समझाया कि बाजार तक सही तरीके से पहुंचना जरूरी है। हल्दी की खेती से लेकर प्रोसेसिंग और मार्केटिंग तक उन्होंने महिलाओं को प्रशिक्षित किया। किसानों के उत्पाद को दूसरे राज्यों के बाजारों तक पहुंचाने के लिए नेटवर्क तैयार किया गया। अब मेघालय की ये हल्दी केरल, कर्नाटक, हरियाणा, पंजाब, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, असम, बिहार और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों तक पहुंच रही है। ट्रिनिटी के काम का सबसे बड़ा प्रभाव महिलाओं पर पड़ा। ग्रामीण महिलाओं को उन्होंने खेती के साथ प्रोसेसिंग और बाजार से जोड़ने की कोशिश की। लाकाडोंग हल्दी को एक पहचान मिली और महिलाओं के लिए खेती आय का ज्यादा मजबूत माध्यम बनने लगी। इसी वजह से उन्हें ‘Turmeric Trinity’ के नाम से भी पहचान मिली।
महिलाओं और किसानों को लाकाडोंग हल्दी की खेती से जोड़ने तथा इसकी खेती और मार्केटिंग को बढ़ावा देने के लिए भारत सरकार ने ट्रिनिटी सायू को साल 2020 में पद्मश्री से सम्मानित किया। इससे पहले 2018 में उन्हें कृषि मंत्रालय की ओर से Excellence in Horticulture Award भी मिला था। ट्रिनिटी का ये सफर यहां खत्म नहीं होता। हाल ही में वह किसान तक की भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस में शामिल हुईं और उन्होंने मेघालय की इस खास हल्दी के फायदे बताने के साथ ही इसे प्रोसेसिंग और मार्केटिंगके जरिए और आगे बढ़ाने का पूरा प्लान भी बताया।
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today