Padamshri Rahibai Soma Popere: एक निरक्षर महिला के बीजमाता बनने की कहानी,पद्मश्री पुरस्कार भी मिला

Padamshri Rahibai Soma Popere: एक निरक्षर महिला के बीजमाता बनने की कहानी,पद्मश्री पुरस्कार भी मिला

एक आदिवासी इलाके की एक ऐसी महिला जिसने कोई पढ़ाई नहीं की, मगर देश भर के किसानों को बीज संरक्षण का ऐसा पाठ पढ़ाया कि वो मिसाल बन गया। महाराष्ट्र की राहीबाई सोमा पोपेरे की ये कहानी आपको जरूर जाननी चाहिए।

Advertisement
Padamshri Rahibai Soma Popere: एक निरक्षर महिला के बीजमाता बनने की कहानी,पद्मश्री पुरस्कार भी मिलापद्मश्री किसान राहीबाई सोमा पोपेरे

किसान के लिए बीज सिर्फ खेती की शुरुआत नहीं है। बीज में एक फसल का भविष्य छिपा होता है। लेकिन आधुनिक खेती और बाजार में मिलने वाले हाइब्रिड बीजों के चलते देसी फसलों और पारंपरिक बीजों की कई किस्में धीरे-धीरे गायब हो गई हैं।  महाराष्ट्र के अहमदनगर क्षेत्र की एक आदिवासी महिला किसान ने इस खतरे को बहुत पहले समझ लिया था। उन्होंने तय किया कि देसी बीजों को खत्म नहीं होने देंगी। यह कहानी है राहीबाई सोमा पोपरे की, जिन्हें आज देशभर में बीजमाता या Seed Mother के नाम से जाना जाता है।

स्कूल नहीं जा सकीं, लेकिन प्रकृति से सीखती रहीं

राहीबाई का जन्म महाराष्ट्र के अकोले क्षेत्र के कोम्बलने गांव में हुआ। आर्थिक परिस्थितियों के कारण वह औपचारिक शिक्षा हासिल नहीं कर सकीं। बहुत कम उम्र से ही वह परिवार की खेती और पशुपालन से जुड़ गईं। लेकिन खेत, जंगल, फसल और बीज उनके लिए किसी किताब से कम नहीं थे। लगभग दो दशकों के अनुभव ने उन्हें फसलों की विविधता,पारंपरिक बीजों और स्थानीय जैव विविधता की गहरी समझ दी। उन्होंने देखा कि बाजार में उपलब्ध कई बीज ऐसी फसलों पर निर्भर करते हैं जिनकी खेती सीमित मौसम और परिस्थितियों में होती है। दूसरी ओर स्थानीय किसानों के पास ऐसे पारंपरिक बीज थे जो स्थानीय मिट्टी और मौसम के अनुकूल थे।

यहीं से शुरू हुई उनकी बीज बचाने की मुहिम

एक छोटे से घर में बना बीज बैंक राहीबाई ने पारंपरिक बीजों को इकट्ठा करना और संरक्षित करना शुरू किया। धीरे-धीरे उनका छोटा सा घर एक तरह के कम्यूनिटी सीड बैंक में बदल गया। वह देसी धान, सब्जियों, दालों, अनाज और दूसरी पारंपरिक फसलों के बीज सुरक्षित करती रहीं और दूसरे किसानों के साथ भी बांटती रहीं। उनकी इन कोशिशों से कई पारंपरिक किस्में दोबारा खेतों में पहुंचीं। उनकी सोच साफ थी-अगर किसान अपने बीज पर नियंत्रण रखता है तो वह अपनी खेती के भविष्य पर भी नियंत्रण रख सकता है।

खेत से लेकर देश की पहचान तक

राहीबाई को उनके काम के लिए कई सम्मान मिले। साल 2018 में उन्हें नारी शक्ति पुरस्कार मिला और साल 2020 में भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया। उन्हें BBC की 100 प्रभावशाली महिलाओं की सूची में भी जगह मिली। लेकिन उनके लिए असली पुरस्कार उन बीजों का बच जाना है, जिन्हें कभी खत्म हो जाने का खतरा था। जिस महिला ने किताबों से नहीं, खेत और जंगल से ज्ञान हासिल किया, उसने देश को याद दिलाया कि बीज सिर्फ दाना नहीं होता-वह खेती की पहचान, भोजन की सुरक्षा और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य होता है। इसीलिए राहीबाई सोमा पोपरे सिर्फ किसान नहीं, बल्कि देश की ‘बीजमाता’ हैं।

 

 

POST A COMMENT