सल्फर प्रोडक्शन (AI Image)भारत और यूएई के बीच औद्योगिक साझेदारी को एक नई मजबूती देते हुए अमरक केमिकल्स एफजेडसी (Amarak Chemicals FZC) ने दुबई के जेबेल अली फ्री जोन (Jebel Ali Free Zone) में अपने अत्याधुनिक और पूरी तरह ऑटोमेटेड सल्फर निर्माण संयंत्र की शुरुआत कर दी है. यह कंपनी एरीज ग्रुप ऑफ कंपनीज (Aries Group of Companies) की एसोसिएट इकाई है और इसका यह नया प्लांट वैश्विक कृषि इनपुट बाजार को ध्यान में रखकर लगाया गया है. नए प्लांट की वार्षिक उत्पादन क्षमता 60,000 टन है, जहां सल्फर बेंटोनाइट और सल्फर से जुड़े वैल्यू एडेड उत्पाद तैयार किए जाएंगे. इन उत्पादों की आपूर्ति भारत समेत कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में की जाएगी.
बिजनेसलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी का फोकस ऐसे उर्वरक इनपुट्स पर है, जो मिट्टी की उर्वरता सुधारने के साथ किसानों की उत्पादकता बढ़ाने में मदद करें. इस निर्माण इकाई का औपचारिक उद्घाटन भारत के महावाणिज्य दूतावास, दुबई में आर्थिक, व्यापार एवं वाणिज्य मामलों के काउंसलर बीजी कृष्णन ने किया. इस मौके पर जाफ्जा के सेल्स डायरेक्टर Saoud AlAwadhi और एरीज ग्रुप के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स भी मौजूद रहे.
कंपनी ने इस इकाई को India-UAE Comprehensive Economic Partnership Agreement के तहत रजिस्टर कराया है. इसके चलते अमरक केमिकल्स यूएई में निर्माण कर भारत को ड्यूटी फ्री निर्यात कर सकेगी. साथ ही दुबई को एक सिंगल प्रोडक्शन हब के रूप में इस्तेमाल करते हुए अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक भी तेजी और कम लागत में पहुंच बनाई जा सकेगी.
मीडिया बयान में कहा गया है कि यह परियोजना भारत और यूएई के बीच बढ़ते औद्योगिक सहयोग का उदाहरण है, जहां भारतीय प्रोसेस और प्रोडक्ट एक्सपर्टीज को यूएई के मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क का साथ मिला है. कंपनी ने यूएई के प्रमुख सल्फर सप्लायर्स के साथ दीर्घकालिक साझेदारी भी की है, जिससे कच्चे माल की निरंतर उपलब्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित होगी.
एरीज ग्रुप के चेयरमैन राहुल मीरचंदानी ने कहा कि जाफ्जा में किया गया यह निवेश कृषि इनपुट्स के क्षेत्र में विश्व स्तरीय मैन्युफैक्चरिंग क्षमता विकसित करने की दिशा में समूह की दीर्घकालिक सोच को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि जाफ्जा से लॉजिस्टिक्स लागत घटेगी, बाजार तक पहुंच तेज होगी और वैश्विक विस्तार की योजनाओं को मजबूती मिलेगी.
वहीं डीपी वर्ल्ड जीसीसी के पार्क्स एंड जोन्स डिविजन के सीओओ अल्दुल्ला अल हाशमी ने कहा कि अमरक केमिकल्स का यह निवेश जाफ्जा के एग्रीबिजनेस सेक्टर को और मजबूत करेगा और क्षेत्र के किसानों तक जरूरी कृषि इनपुट्स की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करेगा.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today