गेहूं बीज पर भारी सब्सिडी (सांकेतिक तस्वीर)पंजाब सरकार ने गेहूं की खेती के लिए किसानों को प्रमाणित बीज सस्ती दरों पर उपलब्ध कराने की योजना घोषित की है. राज्य के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने रविवार को 50 करोड़ रुपये की सहायता योजना का ऐलान किया. इसके तहत किसानों को प्रमाणित गेहूं के बीज पर अधिकतम 2,000 रुपये प्रति क्विंटल की सब्सिडी मिलेगी, जिससे बीज की कीमत में बड़ी राहत मिलेगी.
कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां के मुताबिक, योजना के तहत प्रमाणित गेहूं के बीज की कीमत 4,250 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है. इस पर 2,000 रुपये की सब्सिडी खरीद के समय ही समायोजित की जाएगी. इसके बाद किसानों को एक क्विंटल बीज के लिए 2,250 रुपये चुकाने होंगे.
इस योजना का लाभ केवल उन्हीं प्रमाणित गेहूं की किस्मों पर मिलेगा, जिनकी सिफारिश पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (PAU), लुधियाना ने की है. साथ ही, इन किस्मों को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) या पंजाब सरकार से अधिसूचित होना चाहिए और उनकी उम्र 10 साल से अधिक नहीं होनी चाहिए.
कृषि विभाग ने योजना के तहत 2,42,218 लाभार्थियों को कवर करने की जरूरत का आकलन किया है. इसके लिए कुल 50 करोड़ रुपये का प्रस्तावित वित्तीय प्रावधान रखा गया है. हालांकि, सब्सिडी की अधिकतम सीमा 2,000 रुपये प्रति हेक्टेयर या लागत का 50 प्रतिशत, जो भी कम हो, निर्धारित की गई है.
यह योजना कृषि उन्नति योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन (NFSNM) के बीज घटक के तहत लागू की जा रही है. इसका उद्देश्य किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के साथ खेत में इस्तेमाल के लिए अपने स्तर पर बीज का भंडार तैयार करने में मदद करना है.
कृषि मंत्री खुड्डियां ने कहा कि बीज उत्पादन और गुणन के लिए जिम्मेदार नोडल एजेंसियों को गुणवत्ता के मामले में जवाबदेह बनाया जाएगा. बीज की क्वालिटी को लेकर मिलने वाली शिकायतों का समाधान संबंधित नोडल एजेंसी को करना होगा. (पीटीआई)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today