चक्रवाती तूफान, वेस्‍टर्न डिस्‍टर्बेंस का डबल अटैक! देश के बड़े हिस्‍से पर होगा असर, पढ़ें IMD का ताजा अपडेट

चक्रवाती तूफान, वेस्‍टर्न डिस्‍टर्बेंस का डबल अटैक! देश के बड़े हिस्‍से पर होगा असर, पढ़ें IMD का ताजा अपडेट

बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन 28 अक्टूबर तक अति गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है. IMD ने आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में भारी से अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं, उत्तर भारत में नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश और पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी की संभावना है.

Advertisement
चक्रवाती तूफान, वेस्‍टर्न डिस्‍टर्बेंस का डबल अटैक! देश के बड़े हिस्‍से पर होगा असर, पढ़ें IMD का ताजा अपडेटआज का मौसम (AI Image)

देशभर में जल्‍द दो मौसमी सिस्‍टम का डबल अटैक देखने को मिलने वाला है. एक ओर बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन आने वाले दिनों में बड़े समुद्री तूफान का रूप लेने की ओर बढ़ रहा है. वहीं, दूसरी ओर एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्‍तर-पश्चिम भारत में मौसम काे प्रभावित करने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 26 अक्टूबर यानी आज सुबह तक इसके चक्रवाती तूफान और 27 अक्‍टूबर की सुबह तक गंभीर चक्रवाती तूफान बनने का अनुमान है. यह सिस्‍टम 28 अक्टूबर की सुबह तक अति गंभीर चक्रवाती तूफान बन जाएगा. इसके असर से आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में अत्यंत भारी बारिश होन की आशंका है. आईएमडी ने इसे लेकर अलग-अलग इलाकाें में येलो और ऑरेंज अलर्ट किया है. 28 की सुबह यह अति गंभीर रूप लेकर बापटला और विशाखापट्टनम के बीच आंध्र और यनम तट को पार करेगा. उस समय हवा की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी और झोंके 140 kmph तक पहुंच सकते हैं.

IMD की मछुआरों के लिए चेतावनी

चक्रवाती तूफान को देखते हुए आईएमडी ने मछुआरों को 26 से 28 अक्टूबर तक पश्चिम-मध्य और आसपास की खाड़ी में नहीं उतरने की सलाह दी है. आंध्र-ओडिशा तट पर 27 और 28 अक्टूबर को समुद्र में जाना मना है. 28 की सुबह से दोपहर तक समुद्र की स्थिति 'फेनोमेनल' यानी सबसे खतरनाक श्रेणी में रहने का अनुमान है. आंध्र तट पर 27 की सुबह से तेज हवाएं शुरू होंगी और शाम तक रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है.

इन राज्‍यों पर सबसे ज्यादा असर

आईएमडी ने तटीय आंध्र प्रदेश में 26 अक्टूबर को छिटपुट भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. इसके बाद 27 और 28 को यहां अत्यंत भारी बारिश के साथ 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार वाले तूफानी झाेंके चलने की आशंका है. तेलंगाना में 27 को भारी और 28 को अत्यंत भारी बारिश होगी. 

वहीं, ओडिशा में 26 को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 27 और 29 को बहुत भारी और 28 को अत्यंत भारी बारिश का अनुमान है. रायलसीमा में 25 से 28 अक्टूबर के बीच बिजली गिरने की आशंका है.

छत्तीसगढ़ और दक्षिण के राज्यों में अलर्ट

मौसम विभाग का कहना है कि छत्तीसगढ़ में 28 को दक्षिणी हिस्से में और 29 को उत्तरी हिस्से में अत्यंत भारी बारिश हो सकती है. यहां 28-29 अक्टूबर को 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की हवाएं भी चलेंगी. दूसरी ओर तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और केरल में भी आज बहुत भारी बारिश के कारण ऑरेंज अलर्ट है. अंडमान-निकोबार में येलो अलर्ट जारी है और 27 तक भारी बारिश हो सकती है.

पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार

इधर, उत्तर भारत में 26 अक्टूबर को मौसम लगभग शुष्क रहेगा. दिल्ली में आसमान साफ रहेगा और तापमान 15 से 33 डिग्री के बीच रहेगा. 27 की रात से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा. 

इसके असर से 28 से 30 अक्टूबर के बीच हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में हल्की बारिश हो सकती है. जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में 29-30 को, हिमाचल में 30-31 को और उत्तराखंड में 29 से 31 अक्टूबर के बीच बारिश का अनुमान है. उत्तराखंड में 30 को भारी बारिश भी हो सकती है.

वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 29 से 31 अक्टूबर तक हल्की बारिश और तेज हवा चल सकती है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 29-30 को व्यापक बारिश होगी और इन्हीं दिनों कई जगह बहुत भारी बारिश का अनुमान है. यहां 31 को भारी बारिश भी संभव है. राजस्थान में पूर्वी हिस्से में 29-30 और पश्चिमी हिस्से में 30 अक्टूबर को छिटपुट बारिश हो सकती है.

मध्य और पश्चिम भारत के मौसम का हाल

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी मध्य प्रदेश में 28 से 30 अक्टूबर के बीच व्यापक बारिश होगी. वहां 29 को बहुत भारी बारिश की चेतावनी है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 28 से 31 अक्टूबर तक छिटपुट बारिश होगी. 

विदर्भ में 28 से 30 तक भारी बारिश संभव है. महाराष्ट्र में मराठवाड़ा में 27 से 30, मध्य महाराष्ट्र में 28-29 और कोंकण-गोवा में 28 से 31 अक्टूबर तक बादल बरसेंगे. गुजरात और सौराष्ट्र-कच्छ में मौसम शुष्क रहेगा.

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के मौसम का अपडेट

झारखंड में 28 से 30 अक्टूबर तक व्यापक बारिश और भारी बारिश का अनुमान है. यहां 28-29 को तेज हवाएं भी चलेंगी. बिहार में 29 से 31 अक्टूबर तक बारिश होगी, जबकि 30-31 को कई स्थानों पर बहुत भारी बारिश संभव है. 

गंगीय पश्चिम बंगाल में 28-29 और उप-हिमालयी बंगाल व सिक्किम में 29-30 को अच्छी बारिश होगी. पूर्वोत्तर में असम-मेघालय में 27 से 31 अक्टूबर तक बारिश होगी और 29 के बाद भारी बारिश भी हो सकती है. नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश का सिलसिला 31 अक्टूबर तक रह सकता है. अरुणाचल प्रदेश में 29 से बारिश शुरू होगी.

आईएमडी ने प्रभावित इलाकों में पर्यटन और समुद्री गतिविधियां नियंत्रित रखने की सलाह दी है. बिजली कड़कने पर पेड़ के नीचे शरण न लें. किसानों को पकी फसल काटकर सुरक्षित, ढके स्थान पर रखने और खेतों से पानी निकालने के इंतजाम करने को कहा गया है. कच्चे मकानों, सड़क-रेल यातायात और निचले इलाकों में जलभराव का खतरा बताया गया है.

POST A COMMENT