
तैयार गेहूं की फसल राखइस समय देश के अलग-अलग राज्यों में गेहूं की फसल में आग लगने की खबरें सामने आ रही हैं. इस बीच, बिहार के बेगूसराय में ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी से गेहूं की खेत में भीषण आग लग गई, जो देखते-देखते 30 बीघा से ज्यादा तैयार गेहूं की फसल को धु-धु कर जला दिया. पूरी घटना भगवान पुर थाना क्षेत्र के मोख्तियारपुर पंचायत स्थित भावा बहियार की है. बताया जा रहा है कि दोपहर बाद ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी के कारण आग लगी, जो तेज हवा के चलते तेजी से फैलती चली गई, और देखते ही देखते लगभग 30 बीघा जमीन में तैयार गेहूं की फसल जलकर राख हो गई.
आग की लपटे देख आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए. किसान जैसे तैसे आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन आग की लपटे इतनी तेज थी कि किसान आग के पास तक पहुंच नहीं पा रहे थे. हालांकि बाद में दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर किसी तरह काबू पाया गया, लेकिन तब तक दर्जनों किसानों के 30 से 40 बीघा जमीन में लगी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई थी, जिसमें किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है.
इस अग्निकांड में विशनपुर, बदिया, मोख्तियारपुर समेत कई गांवों के किसानों की फसल जल गई. किसानों ने बटाई या ठेका पर जमीन लेकर खेती की थी, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति पर भारी असर पड़ा है. इस आग लगी से प्रभावित किसानों का रो-रोकर बुरा हाल है. आग की सूचना पर भगवानपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच पड़ताल की.

ऐसा ही मामला पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के देवरिया में भी देखने को मिला, जहां तेज हवा के चलते जिले के कई इलाकों में गेहूं की कई एकड़ खड़ी फसल जलकर राख हो गई, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कहीं चिंगारी तो कहीं शार्ट सर्किट से यह आग लगी है. फायर ब्रिगेड के अधिकारी की माने तो जितना सम्भव हुआ, वहां गाड़िया भेजकर आग पर काबू पाने की कोशिश की गई. गुरुवार को यह भीषण अग्निकांड देवरिया के थाना भटनी, थाना भलुअनी, थाना एकौना और थाना रुद्रपुर में हुई. किसानों की मुश्किलें बढ़ती जा रही है क्योंकि पूरा सीजन खेत की बुवाई सिंचाई फर्टिलाइजर और देखभाल के बाद यह प्राकृतिक आपदा किसानों की कमर तोड़ दे रही है. फिलहाल राजस्व विभाग कितना नुकसान हुआ है आकलन करने में जुटा है.
इस बीच देवरिया जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने एक वीडियो संदेश जारी कर अपील किया है कि गेहूं की फसल पककर तैयार है और अगले डेढ़ दो हफ्ते में गेहूं कट भी जाएगा. मगर इसी मौसम में गर्मी बहुत है. ऐसे में आग की घटनाएं बहुत होती हैं. सर्वप्रथम आपको धन्यवाद देना चाहती हूं कि पिछली बार आप लोगों ने सावधानी बरती तो घटनाएं कम हुई थी. इस बार भी सावधानी बरतें और जो कंबाइन मशीन चल रही है उसमें यह एश्योर करें कि उसमें अग्निशमन यंत्र पानी उसके बिना कोई मशीन ना चले. सभी से निवेदन है अपने गांव में पानी की व्यवस्था अवश्य रखें. उन्होंने बताया कि आग रोकने का सबसे सही तरीका फसल के कुछ क्षेत्रफल को जोत दें ताकि आग ना फैले नहीं तो फसल किलोमीटर तक जल जाती हैं. (सौरभ कुमार और राम प्रताप सिंह की रिपोर्ट)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today