मराठवाड़ा में खरीफ संकट: 41% खेत अब भी बुवाई के इंतजार में, मॉनसून की बेरुखी से किसान बेहाल

मराठवाड़ा में खरीफ संकट: 41% खेत अब भी बुवाई के इंतजार में, मॉनसून की बेरुखी से किसान बेहाल

मराठवाड़ा में खरीफ सीजन की बुवाई बुरी तरह प्रभावित. मॉनसून की बेरुखी और कीटों के प्रकोप से 41% खेत खाली. पिछले साल की तुलना में बुवाई में भारी गिरावट.

Advertisement
मराठवाड़ा में खरीफ संकट: 41% खेत अब भी बुवाई के इंतजार में, मॉनसून की बेरुखी से किसान बेहालमराठवाड़ा में खरीफ फसलों पर मॉनसून की मार

मराठवाड़ा का किसान इस साल खरीफ सीजन में बहुत बड़े संकट का सामना कर रहा है. देर से सक्रिय हुआ मॉनसून, सामान्य से काफी कम बारिश, नकली बीजों की शिकायतें, गोगलगाय और इल्ली का बढ़ता प्रकोप, और अब फिर से बारिश का थम जाना... इन सबने किसानों की चिंता कई गुना बढ़ा दी है.

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, मराठवाड़ा में खरीफ की कुल 49 लाख 72 हजार 729 हेक्टेयर बुवाई योग्य भूमि है. लेकिन अब तक केवल 29 लाख 53 हजार 203 हेक्टेयर, यानी 59 फीसदी क्षेत्र में ही बुवाई हो सकी है. जबकि 20 लाख 19 हजार 526 हेक्टेयर, यानी 41 फीसदी क्षेत्र अब भी बुवाई का इंतजार कर रहा है.

मराठवाड़ा में मॉनसून सक्रिय नहीं

मराठवाड़ा में इस साल मॉनसून समय पर सक्रिय नहीं हुआ. किसान बारिश का इंतजार करते रहे, लेकिन पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में किसानों ने अब तक बुवाई ही नहीं की. किसानों का कहना है कि खेत में पर्याप्त नमी के बिना बीज डालना मतलब अपनी मेहनत और पैसा दोनों दांव पर लगाना है.

आंकड़े भी हालात की गंभीरता बयां कर रहे हैं. पिछले साल इसी अवधि तक मराठवाड़ा में 44 लाख 67 हजार 357 हेक्टेयर क्षेत्र में बुवाई हो चुकी थी, जबकि इस साल यह आंकड़ा घटकर 29 लाख 53 हजार 203 हेक्टेयर पर ही पहुंच पाया है.

बारिश की बात करें तो पिछले साल इसी समय तक 144.30 मिलीमीटर बारिश हुई थी, जबकि इस साल अब तक केवल 68 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है. यानी पिछले साल की तुलना में महज 47 फीसदी बारिश हुई है.

हिंगोली जिले में सबसे कम बुवाई

जिलावार स्थिति देखें तो नांदेड़ में सबसे अधिक 74 फीसदी, परभणी में 66 फीसदी, जालना में 65 फीसदी और छत्रपति संभाजीनगर में 62 फीसदी बुवाई हुई है. वहीं बीड में 57 फीसदी, हिंगोली में 56 फीसदी बुवाई हुई है.

सबसे चिंताजनक हालात धाराशिव और लातूर जिले में हैं. धाराशिव में केवल 48 फीसदी बुवाई हुई है, जबकि 52 फीसदी क्षेत्र अब भी खाली पड़ा है. वहीं लातूर में सिर्फ 41 फीसदी बुवाई हो सकी है और 59 फीसदी क्षेत्र में अब तक बुवाई नहीं हुई, जो पूरे मराठवाड़ा में सबसे कम है.

लेकिन जिन किसानों ने हिम्मत करके बुवाई की, उनकी मुश्किलें भी कम नहीं हैं. कई किसानों ने महाबीज समेत 17 कंपनियों के बीजों के अंकुरण नहीं होने की शिकायतें दर्ज कराई हैं. बीज नहीं उगने के कारण अब उनके सामने दोबारा बुवाई का संकट खड़ा हो गया है.

फसलों पर कीटों का हमला

दूसरी ओर जिन खेतों में फसल उग आई है, वहां गोगलगाय और इल्ली का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है. किसानों का कहना है कि उन्होंने अपने जीवन में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में गोगलगाय देखी हैं. रात के समय ये गोगलगाय नई उगी फसल को पूरी तरह चट कर रही हैं. और अब फिर से बारिश थम जाने के कारण जो फसल बची है, वह भी सूखने लगी है.

यानी जिन किसानों ने बुवाई नहीं की, वे बारिश का इंतजार कर रहे हैं. जिन्होंने बुवाई की, वे नकली बीजों से परेशान हैं. और जिनकी फसल उग आई, वे अब गोगलगाय, कीटों और बारिश की कमी से उसे बचाने की जद्दोजहद कर रहे हैं.

अब मराठवाड़ा के लाखों किसानों की निगाहें आसमान पर टिकी हैं. अगर आने वाले दिनों में अच्छी और लगातार बारिश हुई, तो खरीफ की फसल को नई जिंदगी मिल सकती है. लेकिन अगर बारिश ने फिर साथ नहीं दिया, तो दोबारा बुवाई, बढ़ता कर्ज और आर्थिक संकट किसानों की मुश्किलों को और गहरा कर देगा.

ऐसे में किसान सरकार से नकली बीज बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई, दोबारा बुवाई के लिए आर्थिक सहायता, फसल नुकसान का तत्काल सर्वे, उचित मुआवजा और कीट नियंत्रण के लिए तत्काल मदद की मांग कर रहे हैं.
मराठवाड़ा के खेतों से आज सिर्फ एक ही आवाज उठ रही है—"बारिश हो जाए... फसल बच जाए... और किसान की उम्मीदें फिर से हरी हो जाएं."

जिलावार बुवाई की स्थिति (मराठवाड़ा)

छत्रपति संभाजीनगर

  • कुल बुवाई योग्य क्षेत्र : 6,81,904 हेक्टेयर
  • अब तक बुवाई : 4,24,853 हेक्टेयर (62%)
  • अब भी बिना बुवाई का क्षेत्र : 2,57,051 हेक्टेयर (38%)

जालना

  • कुल बुवाई योग्य क्षेत्र : 6,51,174 हेक्टेयर
  • अब तक बुवाई : 4,25,870 हेक्टेयर (65%)
  • बिना बुवाई का क्षेत्र : 2,25,304 हेक्टेयर (35%)

बीड

  • कुल बुवाई योग्य क्षेत्र : 8,08,946 हेक्टेयर
  • अब तक बुवाई : 4,62,207 हेक्टेयर (57%)
  • बिना बुवाई का क्षेत्र : 3,46,739 हेक्टेयर (43%)

धाराशिव

  • कुल बुवाई योग्य क्षेत्र : 5,54,161 हेक्टेयर
  • अब तक बुवाई : 2,66,679 हेक्टेयर (48%)
  • बिना बुवाई का क्षेत्र : 2,87,482 हेक्टेयर (52%)

लातूर

  • कुल बुवाई योग्य क्षेत्र : 5,86,101 हेक्टेयर
  • अब तक बुवाई : 2,39,815 हेक्टेयर (41%)
  • बिना बुवाई का क्षेत्र : 3,46,286 हेक्टेयर (59%)
  • मराठवाड़ा में सबसे कम बुवाई लातूर जिले में हुई है.

नांदेड़

  • कुल बुवाई योग्य क्षेत्र : 7,61,576 हेक्टेयर
  • अब तक बुवाई : 5,60,162 हेक्टेयर (74%)
  • बिना बुवाई का क्षेत्र : 2,01,414 हेक्टेयर (26%)
  • मराठवाड़ा में सबसे अधिक बुवाई नांदेड़ जिले में हुई है.

परभणी

  • कुल बुवाई योग्य क्षेत्र : 5,18,468 हेक्टेयर
  • अब तक बुवाई : 3,43,575 हेक्टेयर (66%)
  • बिना बुवाई का क्षेत्र : 1,74,893 हेक्टेयर (34%)

हिंगोली

  • कुल बुवाई योग्य क्षेत्र : 4,10,399 हेक्टेयर
  • अब तक बुवाई : 2,30,042 हेक्टेयर (56%)
  • बिना बुवाई का क्षेत्र : 1,80,357 हेक्टेयर (44%)

संपूर्ण मराठवाड़ा

  • कुल बुवाई योग्य क्षेत्र : 49,72,729 हेक्टेयर
  • 2025 में बुवाई : 44,67,357 हेक्टेयर
  • 2026 में अब तक बुवाई : 29,53,203 हेक्टेयर (59%)
  • अब भी बिना बुवाई का क्षेत्र : 20,19,526 हेक्टेयर (41%)

मुख्य आंकड़े

सबसे अधिक बुवाई: नांदेड़ – 74%

सबसे कम बुवाई: लातूर – 41%

50 प्रतिशत से कम बुवाई वाले जिले:

लातूर – 41%

धाराशिव – 48%

50 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र अब भी बिना बुवाई वाले जिले:

लातूर – 59%

धाराशिव – 52%

यह आंकड़े साफ तौर पर बताते हैं कि मराठवाड़ा में खरीफ सीजन गंभीर संकट का सामना कर रहा है. सबसे चिंताजनक स्थिति लातूर और धाराशिव जिलों की है, जहां आधे से अधिक क्षेत्र में अब तक बुवाई नहीं हो सकी है. वहीं नांदेड़ जिले में 74 प्रतिशत बुवाई के साथ सबसे बेहतर स्थिति देखने को मिल रही है. पूरे मराठवाड़ा में अब भी 20 लाख 19 हजार 526 हेक्टेयर, यानी 41 प्रतिशत क्षेत्र बुवाई की प्रतीक्षा में है. (गणेश सुभाष जाधव की रिपोर्ट)

POST A COMMENT