यूपी में कमजोर पड़ा मॉनसून, धान समेत खरीफ फसलों के लिए कृषि मंत्री शाही ने दिए ये निर्देश

यूपी में कमजोर पड़ा मॉनसून, धान समेत खरीफ फसलों के लिए कृषि मंत्री शाही ने दिए ये निर्देश

UP News: मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आगामी कुछ दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में वर्षा सामान्य से कम रहने की संभावना है, जबकि 17-18 जुलाई के बाद पूर्वी उत्तर प्रदेश से मॉनसून के पुनः सक्रिय होने के संकेत हैं. कृषि मंत्री ने निर्देश दिए कि मौसम संबंधी प्रत्येक अपडेट तत्काल कृषि विभाग एवं जिला प्रशासन को उपलब्ध कराया जाए.

Advertisement
यूपी में कमजोर पड़ा मॉनसून, धान समेत खरीफ फसलों के लिए कृषि मंत्री शाही ने दिए ये निर्देशउत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही (Photo-Social Media)

उत्तर प्रदेश सरकार किसानों के हितों की रक्षा और खरीफ फसलों को किसी भी प्रकार की कठिनाई से बचाने के लिए लगातार सक्रिय है. इसी क्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर मॉनसून, वर्षा की स्थिति, खरीफ फसलों की प्रगति तथा सिंचाई व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की. कृषि मंत्री शाही ने कहा कि राज्य सरकार का सर्वोच्च लक्ष्य किसानों को समय पर सिंचाई, पर्याप्त पानी और हर संभव तकनीकी सहायता उपलब्ध कराना है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन जनपदों में सामान्य से कम वर्षा हुई है, वहां विशेष निगरानी रखते हुए सिंचाई विभाग के साथ समन्वय बनाकर किसानों तक समय पर पानी पहुंचाया जाए ताकि धान सहित खरीफ की अन्य फसलों पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े.

17-18 जुलाई के बाद मॉनसून होगा सक्रिय

मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आगामी कुछ दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में वर्षा सामान्य से कम रहने की संभावना है, जबकि 17-18 जुलाई के बाद पूर्वी उत्तर प्रदेश से मॉनसून के पुनः सक्रिय होने के संकेत हैं. कृषि मंत्री ने निर्देश दिए कि मौसम संबंधी प्रत्येक अपडेट तत्काल कृषि विभाग एवं जिला प्रशासन को उपलब्ध कराया जाए, जिससे किसानों को समय रहते आवश्यक सलाह दी जा सके.

‘कम वर्षा वाले जिलों में नहरों-पंप कैनालों से पहुंचाएं पानी’

सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि जहां वर्षा की कमी है, वहां नहरों, पंप कैनालों तथा अन्य सिंचाई स्रोतों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने सिंचाई विभाग को निर्देशित किया कि नहरों का संचालन प्रभावी ढंग से किया जाए तथा किसानों को पानी की उपलब्धता में किसी प्रकार की बाधा न आने पाए.

कृषि विभाग के अधिकारी करेंगे मदद

बैठक में खरीफ अभियान-2026 की प्रगति की भी समीक्षा की गई. कृषि मंत्री ने कहा कि सभी जनपदों में धान सहित खरीफ फसलों की बुवाई एवं रोपाई में तेजी लाई जाए तथा कृषि विभाग के अधिकारी लगातार फील्ड में रहकर किसानों को आवश्यक तकनीकी जानकारी और सुझाव दें. वहीं, बारिश की स्थिति के अनुसार वैकल्पिक फसल एवं कृषि प्रबंधन संबंधी सलाह भी किसानों तक पहुंचाई जाए. उन्होंने कहा कि जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन तथा खेतों में नमी बनाए रखने के उपायों को प्राथमिकता दी जाए.

हर हाल में मिलेगी सिंचाई और कृषि की बेहतर व्यवस्था

मंत्री ने मनरेगा एवं अन्य योजनाओं के माध्यम से खेत तालाब, मेड़बंदी तथा जल संरक्षण से जुड़े कार्यों में तेजी लाकर भविष्य की संभावित परिस्थितियों के लिए तैयारी सुनिश्चित की जाए. कृषि मंत्री ने कहा कि योगी सरकार किसानों की आय बढ़ाने तथा कृषि उत्पादन को सुरक्षित रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठा रही है. प्रदेश सरकार की मंशा है कि किसी भी किसान को पानी, बीज अथवा कृषि संबंधी सुविधाओं के अभाव में नुकसान न उठाना पड़े. उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए.

बैठक में वर्षा की स्थिति, सिंचाई संसाधनों की उपलब्धता, जलाशयों की स्थिति, नहर संचालन, खरीफ फसलों की प्रगति तथा संभावित मौसम परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए.

ये भी पढ़ें-

यूपी में 17 जुलाई से फिर एक्टिव होगा मॉनसून, अभी सताएगी उमस भरी गर्मी, जानें IMD का ताजा अपडेट

फसल बीमा योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा, मृत किसानों के नाम पर पैसा हड़पने का आरोप

POST A COMMENT