रबी सीजन की सिंचाई पर संकट (AI Image)महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में इस बार रबी सीजन के दौरान किसानों को सिंचाई के लिए विष्णुपुरी बांध से पानी नहीं मिलेगा. जिला प्रशासन ने बांध में उपलब्ध पानी को अगले साल अगस्त तक पेयजल और औद्योगिक जरूरतों के लिए सुरक्षित रखने का फैसला किया है. बांध में फिलहाल 57.14 फीसदी पानी उपलब्ध है. राज्य के कई हिस्सों में सूखे जैसे हालात को देखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है.
नांदेड़ के जिला कलेक्टर राहुल करडिले ने सोमवार को बांध में उपलब्ध जल भंडार का जायजा लेने के बाद किसानों और नागरिकों से पानी की स्थिति को समझने और उपलब्ध जल का सावधानी से इस्तेमाल करने की अपील की. उन्होंने कहा कि सीमित जल भंडार को नांदेड़ शहर, ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति और औद्योगिक जरूरतों के लिए सुरक्षित रखना जरूरी है. प्रशासन ने लोगों से जल संरक्षण में सहयोग करने की भी अपील की है.
प्रशासन का यह फैसला डॉ. शंकरराव चव्हाण विष्णुपुरी बांध के कमांड क्षेत्र के किसानों की मांग के बाद आया है. किसानों ने रबी सीजन के दौरान कम से कम एक बार सिंचाई के लिए पानी छोड़ने की मांग की थी. हालांकि, बांध की मौजूदा जल उपलब्धता और पानी पहुंचाने वाली व्यवस्था की खराब स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने उनकी मांग पूरी करने में असमर्थता जताई है.
जिला प्रशासन की ओर से किए गए आकलन के मुताबिक, बांध में फिलहाल 46.16 मिलियन क्यूबिक मीटर (एमसीएम) उपयोग योग्य पानी मौजूद है. यह बांध की कुल भंडारण क्षमता का 57.14 फीसदी है. कलेक्टर राहुल करडिले ने जल भंडार के साथ बांध की पंपिंग व्यवस्था और तकनीकी स्थिति का भी निरीक्षण किया.
निरीक्षण में बांध की जल आपूर्ति व्यवस्था में गंभीर खामियां सामने आई हैं. बांध में लगे 18 पंपों में से 14 काम नहीं कर रहे हैं. बाकी चार पंप भी अपनी क्षमता के 50 फीसदी से कम पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा पानी ऊपर पहुंचाने वाली तीनों राइजिंग मेन पाइपलाइनों में बड़े पैमाने पर लीकेज और टूट-फूट पाई गई है.
अधिकारियों के मुताबिक, मौजूदा पंप और पाइपलाइन व्यवस्था से सिंचाई के लिए पानी छोड़ने पर काफी मात्रा में पानी बर्बाद होने की आशंका है. इससे किसानों के खेतों तक पर्याप्त पानी पहुंचना भी मुश्किल होगा.
बांध परियोजना में नई पाइपलाइन और पंप लगाने का काम जारी है, जिसे मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. प्रशासन ने साफ किया है कि पेयजल की जरूरत और पंपिंग व्यवस्था की खराब स्थिति के कारण इस रबी सीजन में किसानों को सिंचाई के लिए एक रोटेशन का पानी देना भी संभव नहीं होगा. (पीटीआई)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today