बर्ड फ्लू की पहली स्वदेशी वैक्सीन देश को समर्पित, पोल्ट्री किसानों को 1 से 2 रुपये में मिलेगा टीका

बर्ड फ्लू की पहली स्वदेशी वैक्सीन देश को समर्पित, पोल्ट्री किसानों को 1 से 2 रुपये में मिलेगा टीका

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 20 नवंबर को भोपाल में बर्ड फ्लू (H5N1) की देश की पहली स्वदेशी चिकन वैक्सीन राष्ट्र को समर्पित की. उन्होंने भोपाल में 300 करोड़ रुपये की नई लैब की घोषणा की और कहा कि वैक्सीन की एक खुराक 1 से 2 रुपये में मिलेगी.

Advertisement
बर्ड फ्लू की पहली स्वदेशी वैक्सीन देश को समर्पित, पोल्ट्री किसानों को 1 से 2 रुपये में मिलेगा टीकाभोपाल से शिवराज ने सौंपी H5N1 की स्वदेशी वैक्सीन

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को भोपाल में बर्ड फ्लू (H5N1) की देश की पहली स्वदेशी चिकन वैक्सीन राष्ट्र को समर्पित की. उन्होंने इसे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया. इस मौके पर उन्होंने भोपाल में 300 करोड़ रुपये की लागत से नई हाईटेक लैब बनाने की घोषणा भी की. 

चौहान के अनुसार, 1 से 2 रुपये प्रति खुराक की कीमत वाली यह वैक्सीन बर्ड फ्लू के इस वेरिएंट की दुनिया की पहली वैक्सीन है. इससे पोल्ट्री किसानों की आजीविका सुरक्षित होगी और पशुपालन क्षेत्र को होने वाले हजारों करोड़ रुपये के सालाना नुकसान से बचाव में मदद मिलेगी.

दिल्ली के बजाय भोपाल में लोकार्पण

चौहान ने बताया कि पहले वैक्सीन का लोकार्पण दिल्ली से करने की योजना थी. लेकिन उन्होंने तय किया कि जिन वैज्ञानिकों ने भोपाल में दिन-रात मेहनत कर इसे बनाया, उन्हीं के बीच इसे राष्ट्र को समर्पित किया जाए. उन्होंने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD) की उपलब्धियों को रेखांकित किया और इसे भारत का "कीर्ति स्तंभ" बताया.

"पशु चलते-फिरते एटीएम", 56 हजार करोड़ के नुकसान का दावा

चौहान ने पशुपालन और पोल्ट्री को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताया और कहा कि पशु किसानों के लिए "चलते-फिरते एटीएम" हैं. उन्होंने कहा कि देश की जीडीपी में पशुपालन का योगदान 14 प्रतिशत और पोल्ट्री का 1 प्रतिशत है. उनके अनुसार, पशु रोगों से होने वाला औसत नुकसान इस प्रकार रहा-

  • खुरपका-मुंहपका रोग (FMD): 22,000 करोड़ रुपये
  • लंपी वायरस: 20,000 करोड़ रुपये
  • ब्रुसेलोसिस: 9,212 करोड़ रुपये
  • पीपीआर (भेड़-बकरियों की बीमारी): 4,683 करोड़ रुपये

उन्होंने कहा कि इस तरह कुल करीब 56,000 करोड़ रुपये का नुकसान होता था, जिससे स्वदेशी टीकों के जरिए बचाव हो रहा है.

बर्ड फ्लू के 500 से ज्यादा प्रकोप

चौहान के अनुसार, भारत में बर्ड फ्लू का पहला प्रकोप 2006 में महाराष्ट्र के नवापुर में आया था, जिसमें 10 लाख मुर्गियां मरी थीं और संक्रमण रोकने के लिए लाखों मुर्गियों को मारकर दफनाना पड़ा था. 2021 में 9 लाख और इस साल 2 लाख मुर्गियों की मौत हुई. उन्होंने कहा कि 2006 से अब तक 500 से ज्यादा प्रकोप आ चुके हैं और इसके स्तनधारी पशुओं और मनुष्यों में फैलने का खतरा भी रहता था. नई वैक्सीन की एक खुराक 1 से 2 रुपये के बीच रखी गई है, ताकि छोटे मुर्गीपालक भी इसका खर्च उठा सकें.

राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने मथुरा से राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम शुरू किया था. इसके तहत खुरपका-मुंहपका रोग की 147 करोड़ 16 लाख मुफ्त खुराकें दी जा चुकी हैं और ब्रुसेलोसिस पर काबू पा लिया गया है. 2022 में लंपी त्वचा रोग से 32 लाख 80 हजार पशु संक्रमित हुए थे और 1 लाख 86 हजार की मौत हुई थी. तब हिसार और इज्जतनगर के वैज्ञानिकों ने "लंपी प्रोवैकइंड" टीका बनाया. चौहान ने कहा कि भोपाल के इसी संस्थान ने गंबेरो वैक्सीन, ब्रुसेला एबॉर्टस एस-19 डेल्टा वैक्सीन, क्लासिकल स्वाइन फीवर और अफ्रीकन स्वाइन फीवर के स्वदेशी टीके भी बनाए हैं.

वैज्ञानिकों की मेहनत

चौहान ने वैक्सीन बनाने वाले वैज्ञानिकों डॉ. एस. नागराजन, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. सी. तोश, डॉ. एच. वी. मुरगकर, डॉ. अनिकेत सान्याल, डॉ. सेंथिल कुमार डी., डॉ. नवीन कुमार और डॉ. योगीशाराध्या आर. को "रियल हीरो" बताया. उनके अनुसार, इन वैज्ञानिकों ने शनिवार-रविवार की छुट्टी लिए बिना महीनों शोध किया. कड़े जैव-सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत उन्हें घर जाने से पहले और बाद में सैनिटाइजेशन करना पड़ता था, रोज 120 लीटर पानी से नहाना पड़ता था और वे घर में पालतू पशु भी नहीं रख सकते थे.

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के युवा, खेलकूद एवं सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, भोपाल सांसद आलोक शर्मा, खातेगांव विधायक आशीष शर्मा, भोपाल की महापौर मालती राय, ICAR के महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट, संस्थान के निदेशक डॉ. अनिकेत सान्याल, पार्षदगण, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में वैज्ञानिक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.

POST A COMMENT