हिमाचल के डेयरी सेक्टर को मिलेगी रफ्तारहिमाचल प्रदेश के डेयरी किसानों के लिए अच्छी खबर है. कांगड़ा जिले के धगवार में बन रहा आधुनिक मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट जनवरी 2027 में शुरू होने की उम्मीद है. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को निर्माणाधीन प्लांट का निरीक्षण किया और अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए. करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस प्लांट से कांगड़ा समेत चार जिलों के हजारों डेयरी किसानों को फायदा मिलने की उम्मीद है.
धगवार मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट में रोजाना 1.5 लाख लीटर दूध प्रोसेस करने की क्षमता होगी. इससे कांगड़ा, ऊना, चंबा और हमीरपुर जिलों के डेयरी किसानों को अपने दूध की बिक्री के लिए बेहतर व्यवस्था मिलेगी. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य तय समय पर पूरा किया जाए, ताकि जनवरी 2027 में इसका उद्घाटन किया जा सके.
मुख्यमंत्री सुक्खू ने बताया कि इस प्लांट में दूध से कई तरह के डेयरी उत्पाद तैयार किए जाएंगे. इनमें मोजेरेला चीज, पनीर, दही, घी और मक्खन शामिल हैं. इन उत्पादों को राज्य के 'हिम' (Him) ब्रांड के तहत बाजार में बेचा जाएगा. इससे हिमाचल के डेयरी उत्पादों को एक अलग पहचान मिलने की उम्मीद है.
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की. उन्होंने कहा कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और किसानों और पशुपालकों की आमदनी बढ़ाना है. सरकार की कोशिश है कि डेयरी कारोबार से होने वाली कमाई का बड़ा हिस्सा सीधे किसानों तक पहुंचे. उन्होंने अधिकारियों को दुग्ध सहकारी समितियों के रजिस्ट्रेशन में तेजी लाने और ज्यादा से ज्यादा किसानों को इन समितियों से जोड़ने के निर्देश दिए. इससे प्लांट को पर्याप्त मात्रा में दूध मिल सकेगा और किसानों को दूध बेचने के लिए एक मजबूत व्यवस्था मिलेगी.
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार प्लांट के डिजिटलीकरण के लिए 1.25 करोड़ रुपये देगी. इसके अलावा, प्लांट के सुचारू संचालन के लिए 29.49 करोड़ रुपये की कार्यशील पूंजी भी उपलब्ध कराई जाएगी. फिलहाल परियोजना की टेस्टिंग चल रही है और जल्द ही उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है. मुख्यमंत्री ने कहा कि धगवार मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट से चार जिलों के डेयरी किसानों को नए अवसर मिलेंगे. इससे क्षेत्र में डेयरी कारोबार को बढ़ावा मिलने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी. निरीक्षण के दौरान कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार, आयुष मंत्री यादविंदर गोमा, एनडीडीबी के चेयरमैन मिनेश शाह, मिल्कफेड के चेयरमैन बुद्धि सिंह ठाकुर और कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे. (ANI)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today