गोवर्धन पूजा पर CM योगी ने की गोसेवा, बोले- गाय की रक्षा और नस्ल सुधार पर देना होगा जोर

गोवर्धन पूजा पर CM योगी ने की गोसेवा, बोले- गाय की रक्षा और नस्ल सुधार पर देना होगा जोर

गोवर्धन पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में गायों का पूजन कर गोसेवा की.इस दौरान उन्होंने कहा कि गायों की रक्षा के साथ उनकी नस्ल सुधार पर भी ध्यान देना जरूरी है.

Advertisement
गोवर्धन पूजा पर CM योगी ने की गोसेवा, बोले- गाय की रक्षा और नस्ल सुधार पर देना होगा जोरCM योगी ने की गोसेवा

दीपावली के अगले दिन गोवर्धन पूजा के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में विधि-विधान से गोपूजन किया. इस दौरान उन्होंने गायों को तिलक लगाया, माला पहनाई और अपने हाथों से गुड़ और केला खिलाया. मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गाय की हर हाल में रक्षा करनी होगी. साथ ही गायों की नस्ल सुधार पर भी ध्यान देना होगा, ताकि पशुपालकों की आमदनी बढ़ सके और वे समृद्ध बन सकें.

7,700 से ज्यादा गोशालाओं में रह रहे 16 लाख गोवंश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार निराश्रित गोवंश के संरक्षण और देखभाल के लिए बड़े स्तर पर काम कर रही है. इसके लिए प्रदेश में 7,700 से अधिक गोशालाएं संचालित की जा रही हैं. इन गोशालाओं में 16 लाख से ज्यादा निराश्रित गोवंश को रखा गया है. सरकार का प्रयास है कि सड़कों पर घूमने वाले गोवंश को सुरक्षित जगह मिले और उनकी अच्छी तरह देखभाल हो.

गाय पालने पर हर महीने मिलेंगे 1,500 रुपये

सीएम योगी ने बताया कि गोसंरक्षण और गोसंवर्धन के लिए सरकार तीन तरह की योजनाएं चला रही है. पहली योजना के तहत सरकार निराश्रित गोआश्रय स्थलों का संचालन करती है. दूसरी योजना सहभागिता स्कीम है. इसके तहत किसान सरकारी गोशाला से अधिकतम चार गाय ले जाकर उनका पालन-पोषण कर सकते हैं. सरकार इसके लिए हर गाय पर 1,500 रुपये प्रति महीने देती है. इस तरह चार गाय पालने वाले किसान को हर महीने 6,000 रुपये तक की आर्थिक सहायता मिल सकती है. इसके अलावा कुपोषित परिवारों को भी दूध की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए गोआश्रय स्थल से एक दुधारू गाय दी जाती है. इसके पालन-पोषण के लिए परिवार को हर महीने 1,500 रुपये की सहायता भी दी जाती है.

शहरों और गांवों में गोवंश की देखभाल कर रही सरकार

मुख्यमंत्री ने बताया कि तीसरी व्यवस्था के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सरकार खुद गोवंश की देखभाल करती है. गांवों में पशुपालन विभाग गोआश्रय स्थलों का संचालन करता है, जबकि शहरों में नगर विकास विभाग की ओर से कान्हा उपवन चलाए जाते हैं. उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य यह है कि गायें सड़कों पर न घूमें और किसानों की फसलों को नुकसान न पहुंचाएं. इसके लिए उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रखा जाए और सम्मान के साथ उनकी देखभाल की जाए.

गाय को बताया भारतीय संस्कृति और कृषि की आत्मा

सीएम योगी ने कहा कि भारत कृषि और ऋषि परंपरा वाला देश है. यहां गाय का धार्मिक और कृषि दोनों ही दृष्टि से विशेष महत्व है. गाय केवल एक पशु नहीं, बल्कि समृद्धि का आधार है. उन्होंने कहा कि गोसेवा और गोवंश का संरक्षण करने से समाज में सुख-समृद्धि आती है. मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे भारतीय परंपरा के अनुसार अपने भोजन में से पहला ग्रास गाय के लिए और आखिरी ग्रास कुत्ते के लिए जरूर निकालें. उन्होंने कहा कि जो लोग अपने घर में गाय नहीं पाल सकते, वे गोशालाओं में सहयोग करके भी गोसेवा कर सकते हैं. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गाय की रक्षा के साथ-साथ उसकी नस्ल सुधार पर भी काम करना जरूरी है. इससे पशुपालकों की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी और गोवंश का संरक्षण भी मजबूत होगा. (गजेन्द्र त्रिपाठी की रिपोर्ट)

POST A COMMENT