अमित शाहकेंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने अरुणाचल प्रदेश के किसानों और पशुपालकों से दूध, अंडे, मांस और मछली के उत्पादन में आत्मनिर्भर बनने की अपील की है. उन्होंने कहा कि राज्य में जितना भी दूध उत्पादन होगा, उसे अमूल और राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) खरीदने के लिए तैयार है. अमित शाह के मुताबिक, डेयरी, पोल्ट्री, मांस और मछली पालन को बढ़ावा देकर राज्य के कम से कम 32 हजार परिवारों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है.
अमित शाह ने बताया कि अरुणाचल प्रदेश में महिलाओं के नेतृत्व वाली सहकारी समितियां सेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) को दूध, अंडे, सब्जियां और दूसरी कृषि उपज उपलब्ध करा रही हैं. इससे ग्रामीण परिवारों की आमदनी बढ़ाने के साथ गांवों और सुरक्षा बलों के बीच संबंध भी मजबूत हो रहे हैं. उन्होंने राज्य में डेयरी और पशुपालन से जुड़े कारोबार को और बढ़ाने पर जोर दिया.
अरुणाचल प्रदेश में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कांग्रेस पर अपने शासनकाल में राज्य के विकास की अनदेखी करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि 2004 से 2014 के बीच UPA सरकार ने अरुणाचल प्रदेश को 33,530 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दी थी. वहीं, 2014 से 2024 के बीच NDA सरकार के कार्यकाल में यह राशि बढ़कर 1,64,664 करोड़ रुपये हो गई. अमित शाह ने दावा किया कि केंद्र से मिलने वाले टैक्स के हिस्से में चार गुना और अनुदान में 18 गुना बढ़ोतरी हुई है. उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में राज्य का बजट भी 12 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर 36 हजार करोड़ रुपये हो गया है.
अमित शाह ने केंद्र सरकार की 'वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम' योजना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीमावर्ती गांवों को देश के आखिरी गांव के बजाय पहला गांव मानने की सोच को बढ़ावा दिया है. उन्होंने दावा किया कि इस योजना के कारण अरुणाचल प्रदेश के करीब 40 गांवों में लोग वापस लौटे हैं. उन्होंने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में बिजली, स्कूल, सड़क और रोजगार जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर काम किया जा रहा है. पिछले 12 वर्षों में पूर्वोत्तर में सड़क, रेल और हवाई संपर्क का भी विस्तार हुआ है.
अपने दौरे के दौरान अमित शाह ने होलोंगी में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की 12वीं बटालियन के नए परिसर का उद्घाटन किया।.उन्होंने कहा कि इससे पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में आपदा से निपटने की तैयारी और राहत-बचाव कार्यों की क्षमता मजबूत होगी. अमित शाह ने बताया कि पूर्वोत्तर क्षेत्र भूकंप, बाढ़ और दूसरी प्राकृतिक आपदाओं के लिहाज से संवेदनशील है, इसलिए इस परिसर को भूकंपरोधी मानकों के अनुसार बनाया गया है. यहां आधुनिक चेतावनी प्रणाली, विशेष प्रशिक्षण और राहत-बचाव से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं.
गृह मंत्री ने कहा कि सरकार आपदा प्रबंधन में 'जीरो-कैजुअल्टी' यानी आपदाओं के दौरान जनहानि को शून्य करने के लक्ष्य पर काम कर रही है. इसके लिए समय रहते चेतावनी जारी करने और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है. अमित शाह ने कहा कि NDRF ने भारत और विदेशों में 11 हजार से ज्यादा बचाव और राहत अभियान चलाए हैं. उन्होंने आपदा प्रबंधन में स्थानीय स्वयंसेवकों और प्रशिक्षित 'आपदा मित्रों' की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया. उनके मुताबिक, केंद्र सरकार पूर्वोत्तर में चौबीसों घंटे आपदा राहत कार्यों के लिए हर संभव मदद उपलब्ध कराएगी. (PTI)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today