पशुधन नस्ल सुधार के लिए दो प्रोजेक्ट्स शुरू . (सांकेतिक फोटो)पीएम नरेंद्र मोदी ने आज देश के 9.4 करोड़ से ज्यादा किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 18वीं किस्त जारी की. इस दौरान उन्होंने पशुधन से जुड़े कार्यों का भी लोकार्पण किया. महाराष्ट्र के वाशिम में आयोजित कार्यक्रम में वहां के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, दोनों डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय पशुपालन मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह भी मौजूद थे. इस दौरान केंद्रीय पशुपालन मंत्री ने अपने संबोधन में पशुपालन से जुड़ी कई बातों की जानकारी दी.
ललन सिंह ने दुधारू पशुओं की नस्ल सुधार पर बात रखते हुए सेक्स सोर्टेड सीमेन (Sex-Sorted Semen) और जिनोमिक चिप (Genomic Chip) का जिक्र किया और इनके महत्व के बारे में बताया. पीएम मोदी ने पशुधन क्षेत्र के उक्त दो कार्यों का लोकार्पण किया. पहला प्रोजेक्ट सेक्स सोर्टेड सीमेन को लेकर है, जो नस्ल सुधार के लिए अब तक सबसे कारगर तकनीक है.
ललन सिंह ने कहा कि पहले सेक्स सोर्टेड सीमेन सिर्फ बहु राष्ट्रीय कंपनियां (MNCs) बनाती थीं, जिसकी कीमत 800 रुपये होती थी. यह पहले किसानों को सस्ती दर पर उपलब्ध नहीं हो पाता था, लेकिन अब पीएम मोदी के मेक इन इंडिया विजन के तहत पशुविभाग के अंर्तगत आने वाले नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (NDDB) ने सेक्स सोर्टेड सीमेन का विस्तार किया है, जिसकी कीमत मात्र 250 रुपये है.
ये भी पढ़ें - सुबह या शाम कौन सा वक्त है गाय-भैंस का दूध निकालने के लिए परफेक्ट, जानिए
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अब किसानों को यह सेक्स सोर्टेड सीमेन 250 रुपये में मिलेगा, जिससे पशुओं की नस्ल में सुधार होगा. सेक्स सोर्टेड सीमेन के तीन शॉट्स लगाए जाते हैं यानी कुल 750 रुपये खर्च होंगे. इस तकनीक के प्रयोग में पाया गया है कि 70 से 80 प्रतिशत बछिया पैदा होती है. बछड़े कम पैदा होते है. इसके अलावा पीएम मोदी ने पशुधन क्षेत्र में एक और कार्य का लोकार्पण किया.
पीएम ने जिनोमिक चिप का लोकार्पण किया, जो डीएनए पर आधारित है. यह पशुओं के अनुवांशिक सुधार में काफी कारगर है. पूरी दुनिया में अमेरिका, नीदरलैंड, डेनमार्क जैसे देश इस तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं और उनके पशुधन में सुधार हुआ है. पीएम मोदी ने गायों के लिए गौ-चिप और महिषी चिप का लोकार्पण किया.
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज हमारा देश दूध उत्पादन के मामले में पहले नंबर पर पहुंच गया है. पिछले नौ सालों में दूध के उत्पादन में 57.62 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जो विश्व रिकॉर्ड है. केंद्रीय मंत्री ने बताया कि बाकी देशों में दूध उत्पादन में सालाना 2 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि भारत में 6 प्रतिशत की सालाना दर से दूध उत्पादन बढ़ा है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today