
उत्तर प्रदेश में सर्द हवाओं संग ठंड की शुरुआत हो चुकी हैं. मौसम विभाग ने 13 दिसंबर यानी शुक्रवार को प्रदेश के लगभग 20 से ज्यादा जिलों में पाला पड़ने और अत्यधिक ठंड की चेतावनी जारी किया है. वहीं 50 जिलों में शीतलहर की चेतावनी है. गुरुवार को अयोध्या, बरेली, झांसी, गोरखपुर, बलिया और बहराइच आदि जिले सर्द हवाओं संग शीतलहर की चपेट में रहे. आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं के असर से शीतलहर के अगले तीन से चार दिन तक चलने और पारे में अभी और गिरावट के आसार हैं.
आईएमडी से मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, गोंडा और महाराजगंज में शीत लहर चल सकती है. साथ ही सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुरखीरी, सीतापुर, अमेठी, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अम्बेडकरनगर, सहारनपुर और शामली में भी शीतलहर का अलर्ट है. मुजफ्फरनगर, बागपत, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी में शीतलहर का अलर्ट है.
इसके अलावा झांसी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, जालौन, हमीरपुर, महोबा, ललितपुर और उसके आसपास के इलाकों में भी शीतलहर चल सकती है. वहीं, 13 दिसम्बर को कई जिलों में पाला पड़ने के भी आसार जताए गए हैं. देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बहराइच, अमेठी और सुल्तानपुर में पाला पड़ने का अलर्ट है. साथ ही अयोध्या, बरेली, अम्बेडकरनगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत और उसके आसपास के इलाकों में भी पाला पड़ने की चेतावनी जारी हुई है.
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि यूपी में बर्फ़ीली हवाओं के कारण गलन बढ़ी है. जिसके कारण पश्चिमी यूपी में शीतलहर का कहर दिखाई दे रहा है. उम्मीद है अगले हफ्ते तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं दिखेगा.
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार गुरुवार को यूपी के अयोध्या में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया. यहां न्यूनतम तापमान लुढ़कर 3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. इसके पहले बुधवार को यहां न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस था. अयोध्या के अलावा झांसी, इटावा और कानपुर में भी न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के करीब रिकॉर्ड किया गया.