
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में मॉनसून के बादलों ने डेरा डाल दिया है. लखनऊ के अमौसी स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 48 घंटे के भीतर प्रदेश में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. इसके साथ ही मौसम विभाग ने गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, श्रावस्ती, बहराइच, सीतापुर, बाराबंकी, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल, बरेली समेत यूपी के कई इलाकों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि अब लू का असर पूरी तरह खत्म हो जाएगा और लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी.
वहीं बुंदेलखंड में मध्यम से भारी बारिश के आसार हैं, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी कई जगह अच्छी बारिश होगी. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है क्योंकि कई इलाकों में तेज हवा और बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है. जबकि सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बिजनौर, मुरादाबाद, बदायूं समेत 40 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान हवा 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल सकती है. उधर, बागपत, बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर, हापुड़, गाजियाबाद, मथुरा, अलीगढ़, महामाया नगर में मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होगा.
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को प्रदेश में मॉनसूनी गतिविधियां तेज होंगी. उन्होंने बताया कि जुलाई के पहले हफ्ते में यूपी में अच्छी बारिश की संभावना है. वहीं, आईएमडी ने प्रदेश के कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, चित्रकुट, बांदा, मिर्जापुर, चंदौली, जौनपुर, आजमगढ़, बलिया, गोरखपुर, महाराजगंज, गोंडा, बहराइच समेत कई इलाकों में मेघगर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
अतुल कुमार सिंह के अनुसार, प्रदेश में लगातार 4-5 दिनों तक बारिश का अच्छा दौर बना रहने की संभावना है. इसके बाद भी रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी. बारिश के कारण प्रदेश के तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. बता दें कि सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, बलिया, मऊ, आजमगढ़, अंबेडकरनगर, अयोध्या, बस्ती, संत कबीर नगर, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, बरेली और शाहजहांपुर समेत 23 जिलों में मॉनसूनी बारिश हो चुकी है.
ये भी पढ़ें-
जुलाई में सामान्य से कम बारिश की संभावना, IMD ने दी गर्मी-उमस और सूखे की चेतावनी
Kharif sowing: रूठे मॉनसून ने बढ़ाई चिंता, खरीफ बुवाई में 23 फीसदी की भारी गिरावट