Weather Update: दक्षिण भारत में भारी बारिश… उत्तर भारत में घना कोहरा, राजस्थान में शीतलहर की चेतावनी

Weather Update: दक्षिण भारत में भारी बारिश… उत्तर भारत में घना कोहरा, राजस्थान में शीतलहर की चेतावनी

27 नवंबर को दक्षिण भारत के केरल और तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. उत्तर भारत के पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और यूपी में सुबह घना कोहरा छाने की आशंका है. वहीं पूर्वी राजस्थान में शीतलहर चलने की चेतावनी है. जानें देशभर में मौसम का हाल.

india weather aaj ka mausamindia weather aaj ka mausam
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Nov 27, 2026,
  • Updated Nov 27, 2026, 7:00 AM IST

देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. दक्षिण भारत में बारिश की गतिविधियां जारी हैं, वहीं उत्तर भारत के राज्यों में सुबह के समय घने कोहरे का असर बढ़ने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 27 नवंबर को केरल और तमिलनाडु में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. उधर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में घने कोहरे को लेकर अलर्ट है. पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में शीतलहर चलने की आशंका जताई गई है.

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण भारत में पूर्वी हवाओं (Easterly Waves) के असर से बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं. इस समय निचले क्षोभमंडलीय स्तर पर पूर्वी हवाओं का एक ट्रफ कोमोरिन क्षेत्र से दक्षिण आंतरिक कर्नाटक तक फैला हुआ है. इसके अलावा बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से और ओडिशा के उत्तरी तट से सटे इलाकों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है. मौसम विभाग ने 29 नवंबर के आसपास दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर एक और चक्रवाती परिसंचरण विकसित होने की संभावना जताई है.

27 नवंबर को कहां कैसा रहेगा मौसम?

केरल और माहे में 27 नवंबर को कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है. कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी छिटपुट स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी है. इन राज्यों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के साथ रायलसीमा में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की संभावना है. तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी छिटपुट बारिश हो सकती है. लक्षद्वीप में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है.

दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और यूपी में घना कोहरा

IMD का कहना है कि उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सुबह के समय कोहरे का असर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने 27 नवंबर को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ हिस्सों में घने कोहरे की चेतावनी दी है. पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है.

हिमाचल प्रदेश में 30 नवंबर तक अलग-अलग इलाकों में घने कोहरे की स्थिति बने रहने की संभावना है. दिल्ली में 27 नवंबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा, लेकिन सुबह कुछ स्थानों पर हल्की धुंध या उथला कोहरा छा सकता है. यहां अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.

पूर्वी भारत में भी कोहरे का असर

असम और मेघालय में 27 नवंबर को कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाने की संभावना है. नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी सुबह के समय कोहरे की स्थिति बन सकती है. बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के लिए इस दिन मौसम विभाग ने किसी बड़े मौसमी बदलाव का उल्लेख नहीं किया है.

राजस्थान में शीतलहर की चेतावनी

राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में ठंड का असर बढ़ सकता है. मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में 28 नवंबर तक शीतलहर चलने की आशंका जताई है. ऐसे में रात और सुबह के तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ने की संभावना है. पश्चिमी राजस्थान के लिए इस दिन कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है.

मध्य और पश्चिम भारत में मौसम रहेगा शुष्क

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा समेत पश्चिम और मध्य भारत के राज्यों में 27 नवंबर को किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है. मौसम विभाग के अनुसार, इन क्षेत्रों में सप्ताह के दौरान भी कोई महत्वपूर्ण मौसमी गतिविधि होने का अनुमान नहीं है.

अंडमान-निकोबार में आगे बढ़ेगी बारिश की गतिविधि

अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में 27 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक, 29 नवंबर से 2 दिसंबर के बीच यहां कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. इस दौरान गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. 30 नवंबर और 1 दिसंबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश का भी अनुमान है.

MORE NEWS

Read more!