
देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. दक्षिण भारत के राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 28 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं, केरल और माहे में भी बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. दूसरी ओर, उत्तर भारत के कई राज्यों में सुबह के समय घना कोहरा छाने की चेतावनी दी गई है. दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में कोहरे के कारण लोगों को परेशानी हो सकती है. ऐसे में आइए जानते हैं आज के मौसम का हाल.
मौसम विभाग के मुताबिक, 28 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कई जगहों पर बारिश होने के साथ कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. केरल, माहे और लक्षद्वीप में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. तटीय कर्नाटक और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में भी कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है. इसके अलावा, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 3 दिसंबर तक कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
दिल्ली-NCR में 28 नवंबर को सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है. मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में 28 से 29 नवंबर तक घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है. कोहरे के कारण सुबह के समय सड़कों पर विजिबिलीटी कम हो सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है. पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 28 नवंबर को घना कोहरा छाने का अनुमान है. पंजाब में भी 29 नवंबर तक सुबह के समय कोहरे का असर देखने को मिल सकता है.
पहाड़ी राज्यों की बात करें तो हिमाचल प्रदेश में 28 नवंबर से 1 दिसंबर तक कुछ इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना है. 28 नवंबर को भी सुबह के समय कोहरे के कारण विजिबिलीटी कम रह सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में पहले ही विजिबिलीटी घटकर 150 मीटर दर्ज की गई है. वहीं, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में इस पूर्वानुमान के दौरान किसी बड़े मौसम बदलाव या भारी बारिश की चेतावनी नहीं दी गई है. अगले सात दिनों तक देश में कहीं भी शीतलहर चलने की खास संभावना नहीं है.
मौसम में बदलाव को देखते हुए दक्षिण भारत के किसानों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और लक्षद्वीप के किसानों को बारिश और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए खेतों में सिंचाई और कीटनाशकों के छिड़काव का काम मौसम साफ रहने पर ही करना चाहिए. कटी हुई फसलों और अनाज को खुले में न छोड़ें और सुरक्षित स्थान पर रखें. तेज हवाओं और बारिश के दौरान फसलों को नुकसान से बचाने के लिए जरूरी इंतजाम करें. वहीं, उत्तर भारत के किसानों को सुबह के समय घने कोहरे को देखते हुए फसलों की निगरानी करनी चाहिए और मौसम के अनुसार सिंचाई का प्रबंधन करना चाहिए.
मौसम विभाग के अनुसार, 29 नवंबर के आसपास दक्षिण अंडमान सागर में ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना है. इसके प्रभाव से अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 30 नवंबर से 3 दिसंबर के बीच कई जगहों पर बारिश हो सकती है. इस दौरान 30 नवंबर से 2 दिसंबर के बीच कुछ इलाकों में भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. वहीं, पश्चिम और मध्य भारत में अगले एक सप्ताह तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. महाराष्ट्र में अगले कुछ दिनों बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है.