Weather News: 1 को मार्च इन राज्‍यों में बढ़ेगी गर्मी, बारिश-बर्फबारी को लेकर भी अलर्ट, पढ़ें वेदर रिपोर्ट

Weather News: 1 को मार्च इन राज्‍यों में बढ़ेगी गर्मी, बारिश-बर्फबारी को लेकर भी अलर्ट, पढ़ें वेदर रिपोर्ट

उत्तर-पश्चिम भारत में अगले एक हफ्ते तक गर्मी के तेवर तेज रहने वाले हैं. कई राज्यों में तापमान सामान्य से 3-5 डिग्री ज्यादा रहने का अनुमान है. पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश-बर्फबारी के संकेत हैं. दिल्ली-NCR समेत पूरे देश के मौसम का ताजा हाल जानिए.

aaj ka mausam temperature riseaaj ka mausam temperature rise
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Mar 01, 2026,
  • Updated Mar 01, 2026, 7:00 AM IST

भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3-5 डिग्री सेल्सियस अधिक बना रहेगा. आने वाले एक हफ्ते तक गर्मी का असर साफ दिखेगा. इसके साथ ही 4 से 6 मार्च के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के असर से जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है. असम-मेघालय में आज और कल यानी 2 मार्च के दौरान 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं. इसके अलावा हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में भी 1 से 4 मार्च के बीच तेज हवाओं का अलर्ट है. 

1 मार्च को देशभर में मौसम का मिजाज

1 मार्च को देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क और साफ रहने के आसार हैं. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, केरल और माहे में भी छिटपुट बारिश की संभावना है. दक्षिण भारत के तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है. उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में मौसम साफ रहेगा, लेकिन दिन के तापमान में बढ़ोतरी महसूस की जाएगी.

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली और एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक मौसम मुख्य रूप से साफ रहने वाला है. 3 मार्च तक दिन का तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जो सामान्य से काफी अधिक रहेगा. सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिल सकती है. दोपहर के बाद पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा से 15 से 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. रात के समय हवा की रफ्तार में कमी आएगी.

कहां-कहां बढ़ेगा तापमान?

अगले पांच दिनों में उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान 2-4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. पूर्वी भारत में अगले तीन दिनों में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी के आसार हैं. महाराष्ट्र में अगले पांच दिनों में तापमान 3-4 डिग्री तक चढ़ सकता है. गुजरात में पहले 24 घंटों में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 3-5 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है. उत्तर-पूर्व और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में भी धीरे-धीरे तापमान बढ़ने की संभावना जताई गई है.

विभिन्न राज्यों में मौसम का पूर्वानुमान

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 4 से 6 मार्च के बीच हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है. असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश के आसार बने रहेंगे. केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश हो सकती है. राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन गर्मी का असर बढ़ेगा. कोकण-गोवा और गुजरात के कुछ इलाकों में 4 से 6 मार्च के दौरान गर्म और उमस भरे मौसम की चेतावनी जारी की गई है.

किसानों और पशुपालकों के लिए सलाह

बढ़ते तापमान को देखते हुए किसानों को गेहूं, सरसों, चना और आलू जैसी फसलों में हल्की और समय पर सिंचाई करने की सलाह दी गई है. पॉलीहाउस में उगाई जा रही सब्जियों के लिए उचित वेंटिलेशन बनाए रखें. 

मिट्टी की नमी बचाने के लिए मल्चिंग और अनावश्यक जुताई से बचें. पशुपालकों को पशुओं के लिए साफ और पर्याप्त पीने के पानी की व्यवस्था करनी चाहिए. पोल्ट्री शेड की छत को घास या अन्य सामग्री से ढककर गर्मी के असर को कम करने की सलाह दी गई है.

बीते दिन ऐसा रहा मौसम का हाल

बीते दिन उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कुछ हिस्सों में घना कोहरा दर्ज किया गया, जहां विजिबिलिटी 50 से 199 मीटर तक रही. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात में अधिकतम तापमान सामान्य से 3-5 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया.

पश्चिम राजस्थान, ओडिशा और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में अधिकतम तापमान 34 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. देश के मैदानी इलाकों में सबसे अधिक तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तमिलनाडु के मदुरै में दर्ज किया गया. वहीं, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे और उत्तर भारत के कई राज्यों में सामान्य से ऊपर बना हुआ है.

MORE NEWS

Read more!