
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अपना ताजा बुलेटिन जारी किया है, जिसमें फरवरी के आखिरी हफ्ते के लिए मौसम में बदलाव की भविष्यवाणी की है. मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में कहा है कि उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर बना रह सकता है, जिससे गर्मी का असर बढ़ेगा. वहीं, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में दो कमजोर पश्चिमी विक्षोभों के कारण हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है. मौसम विभाग के मुताबिक, 26 फरवरी को पंजाब और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है. इससे विजिबिलिटी 50 से 200 मीटर तक रह सकती है, जिसका असर सड़क और रेल यातायात पर पड़ सकता है.
आईएमडी के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर रहेगा. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 26 और 27 फरवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है.
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश के आसार हैं. इसके अलावा, दक्षिण भारत के राज्यों जैसे तमिलनाडु, केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और लक्षद्वीप में भी छिटपुट बारिश हो सकती है. अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में 26 फरवरी को गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
तापमान के रुझान की बात करें तो अगले सात दिनों में उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. राजस्थान, गुजरात, बिहार और गंगीय पश्चिम बंगाल में गर्मी का असर ज्यादा महसूस किया जाएगा. वहीं, महाराष्ट्र और पूर्वी भारत में अगले दो दिनों तक तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद धीरे-धीरे गर्मी बढ़ सकती है.
दिल्ली-एनसीआर के लिए मौसम विभाग ने विस्तृत पूर्वानुमान जारी किया है. 26 फरवरी को दिल्ली में आसमान साफ रहेगा और सुबह हल्की धुंध रह सकती है. इस दौरान अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.
दिन के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से 20 किलोमीटर प्रति घंटा तक हवा चल सकती है. 27 और 28 फरवरी को भी दिल्ली में मौसम साफ रहने और तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं, जो सामान्य से काफी ऊपर रहेगा.
वहीं, किसानों और पशुपालकों के लिए मौसम विभाग ने सलाह दी है कि बढ़ते तापमान को देखते हुए रबी फसलों में नमी बनाए रखें. गेहूं और सरसों की फसलों में जरूरत के अनुसार हल्की सिंचाई करें.
सब्जी उत्पादक किसान मल्चिंग का सहारा लें, ताकि मिट्टी में नमी बनी रहे. पशुपालक दोपहर के समय पशुओं को सीधे धूप से बचाएं और पर्याप्त पानी की व्यवस्था रखें. पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले किसान बर्फबारी और खराब मौसम के दौरान पशुओं की चराई और गैर-जरूरी यात्रा से बचें.