
देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक गर्मी की ओर रुख करना शुरू कर दिया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अगले एक हफ्ते तक अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर बना रह सकता है. वहीं, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में दो कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही पंजाब में सुबह के समय घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है.
27 फरवरी को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है. इसके अलावा असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं, दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी मौसम बदला हुआ रह सकता है. यहां बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश के संकेत हैं.
मौसम विभाग ने बताया है कि पंजाब में 28 फरवरी तक सुबह के समय घना कोहरा पड़ सकता है. बीते दिन पंजाब के कुछ इलाकों में दृश्यता 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई है. अमृतसर में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई. पश्चिमी उत्तर प्रदेश, ओडिशा और मेघालय में भी घने कोहरे की स्थिति देखी गई.
मेघालय में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी सूचना है. इसके अलावा अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, पूर्वोत्तर राज्यों और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. समुद्र में खराब मौसम को देखते हुए बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.
आईएमडी के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अगले सात दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. इसके चलते इन क्षेत्रों में तापमान सामान्य से ऊपर बना रहेगा. महाराष्ट्र में अगले पांच दिनों तक तापमान में 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी का अनुमान है.
गुजरात में अगले तीन दिनों में हल्की गिरावट के बाद तापमान फिर बढ़ सकता है. केंद्रीय भारत में भी अगले एक सप्ताह के दौरान तापमान में लगातार बढ़ोतरी के संकेत हैं. पूर्वी भारत में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव नहीं दिख रहा है, लेकिन बाद के दिनों में यहां भी गर्मी का असर बढ़ सकता है.
दिल्ली और एनसीआर में मौसम साफ बना हुआ है, लेकिन तापमान लगातार बढ़ रहा है. बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया. 26 से 28 फरवरी के दौरान आसमान साफ रहने और सुबह के समय हल्की धुंध या मिस्ट रहने की संभावना है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जो सामान्य से 3 से 5 डिग्री अधिक है. न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर बना रह सकता है. इस दौरान दिन में हवा की रफ्तार बढ़ेगी और शाम तक कमजोर पड़ जाएगी.
मौसम विभाग के पुर्वानुमान के मुताबिक, मार्च की शुरुआत में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 2 से 4 मार्च के बीच हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है. देश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां सीमित रहेंगी और कुल मिलाकर मौसम शुष्क बना रह सकता है. अधिकतम तापमान का असर धीरे-धीरे पश्चिम, मध्य, पूर्व और प्रायद्वीपीय भारत तक फैलने के संकेत हैं.
बदलते मौसम के साथ ही आईएमडी के डिविजन एग्रोमेट ने बढ़ते तापमान को देखते हुए किसानों को सिंचाई प्रबंधन पर ध्यान देने की जरूरत बताई है. कहा है कि जिन क्षेत्रों में ओलावृष्टि या बारिश की संभावना है, वहां फसलों की निगरानी जरूरी होगी. वहीं, पशुपालकों को दिन में गर्मी से बचाव के लिए पशुओं को छायादार स्थानों पर रखने और पर्याप्त पानी की व्यवस्था करने की सलाह दी जाती है. कोहरे वाले इलाकों में सुबह के समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है.