
बीते दिन दिल्ली-एनसीआर सहित कई राज्यों में गरज-चमक और आंधी-बारिश की गतिविधियाें के बाद एक बार फिर भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी ने देश के कई हिस्सों के लिए तेज आंधी-तूफान, बिजली और तेज हवाओं (40-60 किमी/घंटा) का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में 5 मई के बाद 10-11 मई को फिर नया सिस्टम सक्रिय होगा. वहीं, पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 5-6 मई को भारी बारिश की चेतावनी है. आईएमडी के मुताबिक, दक्षिण भारत में केरल, तमिलनाडु और आसपास के क्षेत्रों में अगले 6-7 दिन तक गरज-चमक और भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. कई राज्यों में ओलावृष्टि और 70 किमी/घंटा तक की आंधी का खतरा भी जताया गया है.
मौसम विभाग के मुताबिक, 6 मई को देश के बड़े हिस्से में मौसम अस्थिर बना रहेगा. पूर्वोत्तर भारत जैसे असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना है. बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी गरज-चमक के साथ बारिश और कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है.
मध्य भारत के छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भी तेज हवाओं और बारिश का असर देखने को मिलेगा. दक्षिण भारत में तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश जारी रहने के संकेत हैं. वहीं, तापमान के स्तर पर उत्तर-पश्चिम भारत में हल्की राहत बनी रहेगी, जबकि विदर्भ और तेलंगाना जैसे क्षेत्रों में गर्मी 40 डिग्री के आसपास बनी रह सकती है.
दिल्ली-एनसीआर में 6 मई को आंशिक बादल छाए रहेंगे और शाम या रात के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है. अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री और न्यूनतम 20 से 22 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. इसके बाद 7 मई को हवा की गति बढ़ेगी और तापमान धीरे-धीरे 35-37 डिग्री तक पहुंच सकता है. 8 मई को मौसम साफ रहने के साथ तापमान 36-38 डिग्री तक जा सकता है. हालांकि अभी भी तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है, जिससे गर्मी थोड़ी नियंत्रित रहेगी.
आईएमडी ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि 10 और 11 मई को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश और आंधी का नया दौर शुरू होगा. इन क्षेत्रों में 40-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. वहीं, राजस्थान में 9 से 11 मई के बीच हीटवेव की स्थिति बनने की संभावना है, खासकर पश्चिमी हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ेगा.
विभाग के अनुसार, पूर्वोत्तर राज्यों में 7 से 11 मई के बीच भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. असम, मेघालय और नागालैंड में गरज-चमक के साथ बारिश होगी. बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी 11 मई तक रुक-रुक कर बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में लगातार कई दिनों तक भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है, जिससे भूस्खलन और जलभराव का खतरा बना रहेगा.
इसके अलावा दक्षिण भारत में केरल और तमिलनाडु में अगले 6-7 दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहेगा. कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में भी तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश देखने को मिलेगी. मध्य भारत के मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 9 मई तक बारिश और आंधी की गतिविधियां जारी रहेंगी, इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे 3-5 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है.
मौसम विभाग के डिविजन एग्रोमेट के अनुसार, बारिश और आंधी के बीच किसानों को फसलों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई है. खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था रखें ताकि पानी जमा न हो. तैयार फसल की जल्द कटाई कर सुरक्षित स्थान पर भंडारण करें.
तेज हवाओं से बचाने के लिए पौधों को सहारा दें और सब्जियों व फलों की फसलों को जाल या कवर से सुरक्षित करें. ओलावृष्टि की आशंका वाले क्षेत्रों में बागवानी फसलों पर विशेष सुरक्षा उपाय अपनाएं.
पशुपालकों को सलाह है कि खराब मौसम के दौरान पशुओं को खुले में न छोड़ें और उन्हें शेड में रखें. साथ ही चारे और दाने को सुरक्षित स्थान पर संग्रहित करें ताकि बारिश से नुकसान न हो.