Weather Alert: दिल्‍ली-NCR में बदलेगा मौसम, इन राज्‍यों में भारी बारिश-तूफान का अलर्ट, पढ़ें ताजा मौसम अपडेट

Weather Alert: दिल्‍ली-NCR में बदलेगा मौसम, इन राज्‍यों में भारी बारिश-तूफान का अलर्ट, पढ़ें ताजा मौसम अपडेट

देशभर में मौसम तेजी से बदल रहा है, कई राज्यों में आंधी, तेज हवाएं और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में हालात ज्यादा गंभीर हैं, वहीं दिल्ली-NCR में भी 3 मई से मौसम करवट लेने वाला है.

aaj ka mausam aaj ka mausam
क‍िसान तक
  • Noida,
  • May 03, 2026,
  • Updated May 03, 2026, 7:00 AM IST

भारत मौसम विज्ञान विभाग  यानी आईएमडी ने देशभर में मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिन उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में भारी से बहुत भारी बारिश हाेने की आशंका है. वहीं, 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. विभाग के मुताबिक, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में भी 3 से 6 मई के बीच आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का खतरा बना हुआ है. कुछ क्षेत्रों में 50 से 70 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं नुकसान पहुंचा सकती हैं.

आईएमडी के अनुसार, 1 से 2 मई के बीच देश के कई हिस्सों में मौसमी गतिविधियां दर्ज की गईं. पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी इलाकों में 7 से 20 सेमी तक बारिश हुई, जबकि बिहार, ओडिशा और असम में भी भारी बारिश रिकॉर्ड की गई. ओडिशा के गोपालपुर में 92 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली. मध्य प्रदेश, गुजरात, झारखंड और हिमाचल प्रदेश में 50 से 70 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चलीं. तापमान की बात करें तो बाड़मेर में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान 34 से 40 डिग्री के बीच रहा.

दिल्ली-NCR में 3 मई और आगे का मौसम

मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में 3 मई को मौसम करवट लेगा. दिन में आंशिक बादल छाए रहेंगे और दोपहर बाद हल्की बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं. तापमान 36 से 38 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. 4 मई को भी बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान 35 से 37 डिग्री तक गिर सकता है. 5 मई को भी इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है, जिसमें हल्की बारिश और तेज हवाएं शामिल हैं.

अगले हफ्ते तक ऐसा रहेगा मौसम का हाल

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में 8 मई तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश, बर्फबारी, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा. पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 6 मई तक आंधी-बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रहेंगी. वहीं, पूर्वोत्तर भारत में अगले 5 दिनों तक व्यापक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जिसमें असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा में भारी बारिश की संभावना है.

इसके अलावा पूर्वी भारत में पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड और ओडिशा में अगले कुछ दिनों तक बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक बनी रहेगी. वहीं, मध्य भारत में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में अगले 5 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है. आईएमडी ने कहा है कि दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 8 मई तक बारिश, तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है. तटीय आंध्र प्रदेश में 3 मई को तेज आंधी का असर रहेगा.

खेती-किसानी और पशुपालन के लिए सलाह

मौसम विभाग की ओर से किसानों को सलाह दी गई है कि भारी बारिश वाले क्षेत्रों में खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था रखें और पकी फसलों की जल्द कटाई कर सुरक्षित स्थान पर रखें. तेज हवाओं और ओलावृष्टि से बचाव के लिए बागवानी फसलों को सहारा दें और जाल या कवर का इस्तेमाल करें. 

पशुपालकों को जानवरों को खुले में न छोड़कर सुरक्षित स्थान पर रखने और पर्याप्त चारा व पानी की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है. मछुआरों को समुद्र में जाने से बचने की चेतावनी जारी की गई है.

MORE NEWS

Read more!