
भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department) ने देश के कई हिस्सों के लिए बड़ा मौसम अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के साथ-साथ पूर्वोत्तर भारत में व्यापक रूप से भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है. साथ ही 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, बिजली गिरने और आंधी-तूफान का खतरा बना रहेगा. आईएमडी ने कहा कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में 3 से 7 मई के बीच गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है. कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और 70 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाओं का भी खतरा है.
मौसम विभाग के अनुसार, 2 मई को देश के पूर्वोत्तर राज्यों, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है. बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं, दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा. इसके अलावा, मध्य भारत के कई हिस्सों में हल्की बारिश और आंधी का असर दिखेगा. हालांकि, तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन कुछ क्षेत्रों में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा सकती है.
दिल्ली-NCR में फिलहाल आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है. 2 मई को अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री के बीच रह सकता है. 3 मई को मौसम करवट लेगा और दोपहर बाद गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 30-40 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की संभावना है, जो झोंकों में 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं. 4 मई को भी बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश के एक-दो दौर देखने को मिल सकते हैं. इस दौरान तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होगी.
आईएमडी के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 3 से 7 मई के बीच बारिश और बर्फबारी के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी आंधी-बारिश का दौर रहेगा.
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में 3 से 7 मई के बीच लगातार बारिश जारी रहेगी. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और त्रिपुरा में भारी बारिश की संभावना है, जबकि पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी तेज बारिश और आंधी का असर रहेगा.
मध्य भारत में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 3 से 5 मई के बीच गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में 1 से 5 मई के बीच रुक-रुक कर बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है. कुछ तटीय इलाकों में उमस भरा मौसम भी बना रहेगा.
उधर, मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि तेज हवाओं और बारिश को देखते हुए खड़ी फसलों को सहारा दें और खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था करें.
ओलावृष्टि की आशंका वाले क्षेत्रों में फल और सब्जियों की फसलों को जाल या कवर से सुरक्षित रखें. जिन क्षेत्रों में भारी बारिश का अनुमान है, वहां कटाई के लिए तैयार फसलों को जल्द सुरक्षित स्थान पर रख लें.
पूर्वोत्तर और पूर्वी राज्यों में किसानों को धान और सब्जियों की बुवाई फिलहाल टालने और खेतों में पानी जमा न होने देने की सलाह दी गई है.
पशुपालकों को भी बारिश और तेज हवाओं के दौरान पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने और चारे को सूखा रखने के निर्देश दिए गए हैं.
तेज गर्मी वाले इलाकों में हल्की सिंचाई, मल्चिंग और छायादार व्यवस्था अपनाने की सलाह दी गई है, ताकि फसलों और पशुओं पर तापमान का असर कम किया जा सके.