
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार मध्य प्रदेश और दक्षिण उत्तर प्रदेश के ऊपर बना सशक्त निम्न दबाव क्षेत्र (Well Marked Low Pressure Area) शनिवार तक लगभग स्थिर रह सकता है. इसके प्रभाव से पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश में 5 सितंबर को भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है.
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी मध्य प्रदेश में 5 से 6 सितंबर और पूर्वी मध्य प्रदेश में 8 सितंबर तक व्यापक बारिश का दौर जारी रहेगा. वहीं 5 सितंबर को पश्चिमी मध्य प्रदेश में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
पूर्वी भारत के कई राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला बना रहेगा. बिहार में 5 से 8 सितंबर, झारखंड में 9 सितंबर और ओडिशा में 9-10 सितंबर को भारी बारिश की संभावना जताई गई है. पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी 8 सितंबर तक कई स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है.
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 10 सितंबर तक गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने इन राज्यों में कई जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी भी दी है.
कोंकण और गोवा में 10 सितंबर तक व्यापक बारिश जारी रह सकती है. वहीं गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और सौराष्ट्र-कच्छ में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.
मौसम विभाग ने लोगों को भारी बारिश वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी सलाह का पालन करने की सलाह दी है.
मौसम विभाग के अनुसार 5 सितंबर को दिल्ली में आसमान आमतौर पर बादलों से ढका रहेगा. सुबह से दिन ढलने तक शहर के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश के एक-दो दौर देखने को मिल सकते हैं. इसके बाद दोपहर से शाम के बीच कुछ स्थानों पर फिर से हल्की से मध्यम बारिश और बिजली चमकने की संभावना है.
इस दिन दिल्ली का अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कम रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा.
हवा मुख्य रूप से दक्षिण-पूर्व दिशा से चलेगी. सुबह के समय इसकी रफ्तार करीब 18 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. दोपहर में हवा की गति घटकर 15 किमी प्रति घंटे के आसपास रहने की संभावना है. शाम और रात के समय फिर से हवा की रफ्तार बढ़कर 18 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
मौसम विभाग के अनुसार 6 सितंबर को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. इस दौरान कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है.
इस दिन अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. अधिकतम और न्यूनतम, दोनों तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे रह सकते हैं.
हवा दक्षिण-पूर्व दिशा से चलेगी. सुबह इसकी गति करीब 10 किमी प्रति घंटे रहेगी. दोपहर में हवा पूर्वी दिशा से 12 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. वहीं शाम और रात के दौरान दक्षिण-पूर्वी हवाओं की रफ्तार बढ़कर 15 किमी प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है.