
मॉनसून अपने आखिरी महीने की ओर कदम बढ़ा चुका है. बिहार की अधिकांश नदियां खतरे के निशान से ऊपर बढ़ रही हैं और बह रही हैं. वहीं, राज्य के कई जिलों के निचले इलाकों में बाढ़ आने की वजह से आम लोग परेशान हैं, लेकिन इन तमाम घटनाओं के बीच खबर लिखने तक राज्य में बारिश 789.6 मिमी की तुलना में 503.4 मिमी हो पाई है, जो सामान्य से करीब 36 प्रतिशत कम है. जबकि पिछले साल 1 सितंबर तक राज्य में बारिश सामान्य से करीब 29.1 प्रतिशत कम हुई थी. यानी करीब अभी तक पिछले साल की तुलना में बारिश में करीब 7 प्रतिशत का अंतर है. हालांकि, सितंबर की शुरुआत के साथ ही राज्य के मौसम में बदलाव देखने को मिला है. राजधानी पटना सहित राज्य के अधिकांश जिलों में आसमान में बादलों की चहलकदमी और रुक-रुक कर हो रही बारिश से किसानों को एक नई उम्मीद फसल बचने की दिख रही है.
मौसम विभाग, पटना की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, 1 सितंबर तक राज्य के औरंगाबाद, लखीसराय, खगड़िया, बक्सर सहित सीवान ऐसे जिले हैं, जहां बारिश सामान्य मात्रा (19 से -19%) के आसपास हुई है. जिसमें औरंगाबाद जिले में सामान्य से 2% अधिक बारिश हुई है, यानी 678.4 मिमी के अनुपात में जिले में 694.6 मिमी बारिश दर्ज की गई. बक्सर में सामान्य से करीब 17%, लखीसराय में 8%, खगड़िया जिले में 7% और सीवान जिले में सामान्य से करीब 12% कम बारिश हुई है. बीते करीब 3 महीने के दौरान ये पांच ऐसे जिले रहे, जहां बारिश सामान्य के आसपास हुई है.
1 जून से लेकर 1 सितंबर के बीच राज्य के करीब 31 ऐसे जिले हैं, जहां पर बारिश बहुत कम (-20% से लेकर -59%) हुई है. इसमें जहानाबाद और शिवहर, औरंगाबाद, लखीसराय, खगड़िया, बक्सर , सीवान जिले को छोड़कर शेष सभी जिले शामिल हैं. वहीं, जहानाबाद और शिवहर जिलों में इस साल की मॉनसून की बारिश सामान्य से बहुत कम हुई है. अगर जहानाबाद जिले की बात करें तो सामान्य तौर पर बारिश तीन महीने के दौरान 655.2 मिमी के आसपास होनी चाहिए, जबकि खबर लिखने तक जिले में बारिश 259.4 मिमी के आसपास ही हो पाई है, जो सामान्य से करीब 60% कम है.
वहीं, शिवहर जिले में सामान्य तौर पर बारिश 812.8 मिमी बारिश होनी चाहिए, जबकि 318.3 मिमी बारिश इस साल अभी तक हो पाई है. करीब 61% तक सामान्य से कम बारिश हुई है. ऐसी स्थिति में इन जिलों के किसानों के लिए खेती करना अपने आप में एक बड़ा चैलेंज बनता जा रहा है.
बीते दो से तीन दिनों के दौरान राज्य के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. वहीं, राजधानी पटना में सितंबर महीने की शुरुआत के साथ ही बारिश का दौर जारी है. वहीं, मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, 2 सितंबर सुबह 8:30 बजे तक राज्य में करीब सामान्य से 36% कम बारिश हुई है. वहीं, 3 सितंबर से अगले दो से तीन दिनों के दौरान राज्य के कुछ जिलों में बारिश, कहीं पर धूप तो कहीं पर उमस जैसी स्थिति देखने को मिल सकती है.