छत्तीसगढ़ में बेहद भारी बारिश का अलर्ट, कई राज्यों में जमकर बरसेंगे बादल, पढ़ें मौसम का ताजा अपडेट

छत्तीसगढ़ में बेहद भारी बारिश का अलर्ट, कई राज्यों में जमकर बरसेंगे बादल, पढ़ें मौसम का ताजा अपडेट

देश में 1 सितंबर से कई राज्यों में बारिश का दौर तेज रहने वाला है. छत्तीसगढ़ में बेहद भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि बिहार, झारखंड, ओडिशा और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. जानें दिल्ली समेत देशभर में मौसम का ताजा अपडेट...

aaj ka mausam newsaaj ka mausam news
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Sep 01, 2026,
  • Updated Sep 01, 2026, 7:00 AM IST

सितंबर की शुरुआत देश के कई राज्यों में तेज बारिश के साथ होने वाली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 1 सितंबर को छत्तीसगढ़ में बेहद भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. वहीं बिहार, झारखंड, ओडिशा और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. आने वाले दिनों में मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और कई अन्य राज्यों में भी मॉनसून सक्रिय रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार और झारखंड में आज भारी से बहुत भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है, जबकि ओडिशा और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी तेज बारिश की संभावना बनी हुई है. मौसम ने कहा है कि पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश की गतिविधियां 5 सितंबर तक सक्रिय रह सकती हैं. इस दौरान भारी बारिश वाले क्षेत्रों में जलभराव, निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति और यातायात प्रभावित होने का खतरा है. तेज हवा और बारिश से पेड़ गिरने और खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की भी आशंका जताई गई है.

दिल्ली-NCR में 1 सितंबर को कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-NCR में 1 सितंबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है. दोपहर से शाम के बीच कई स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है. इस दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने का भी अनुमान है.

दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. इसके बाद 2 सितंबर को बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश की भी संभावना है.

बिहार, झारखंड और ओडिशा में बारिश का जोर

पूर्वी भारत में 1 सितंबर को मौसम सबसे अधिक सक्रिय रहने की संभावना है. बिहार और झारखंड में कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है और कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश की चेतावनी है. ओडिशा में भी बारिश का दौर बना रहेगा. इसके अलावा गंगीय पश्चिम बंगाल में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं.

उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी आने वाले दिनों में भारी बारिश की संभावना है. बिहार और झारखंड में 1 सितंबर के बाद भी बारिश का दौर पूरी तरह खत्म होने के आसार नहीं हैं.

यूपी और उत्तराखंड में जारी रहेगी बारिश

पूर्वी उत्तर प्रदेश में 1 सितंबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है और अगले कई दिनों तक मौसम सक्रिय रह सकता है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 1 सितंबर से 6 सितंबर के बीच कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है.

उत्तराखंड में 2 सितंबर से भारी बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं. हिमाचल प्रदेश में भी आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रहेगा. हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में 1 और 2 सितंबर को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जबकि 2 सितंबर के बाद इन राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है.

वहीं, मध्‍य भारत में छत्तीसगढ़ में 1 सितंबर को बेहद भारी बारिश की चेतावनी है और इसके बाद भी 4 सितंबर तक कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. पूर्वी मध्य प्रदेश में 5 सितंबर तक भारी बारिश का दौर बने रहने का अनुमान है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी 2 सितंबर के बाद बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. कुछ स्थानों पर 3 से 5 सितंबर के बीच बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.

पूर्वोत्तर और पश्चिमी तट पर भी बरसेंगे बादल

पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 1 सितंबर से अगले कई दिनों तक व्यापक बारिश की संभावना है. कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है.

वहीं, पश्चिमी भारत में कोंकण और गोवा में बारिश की गतिविधियां अगले कई दिनों तक जारी रह सकती हैं. गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी अलग-अलग जगहों पर बारिश होने का अनुमान है.

दक्षिण भारत में बारिश की स्थित‍ि कमजोर

इधर, दक्षिण भारत में अगले एक हफ्ते बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कमजोर रहने का अनुमान है. हालांकि, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक और अन्य दक्षिणी राज्यों में अलग-अलग जगहों पर बारिश और गरज-चमक हो सकती है. केरल, माहे और लक्षद्वीप में 2 से 4 सितंबर के दौरान बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है.

किसानों के लिए जरूरी सलाह

भारी बारिश की चेतावनी वाले क्षेत्रों में किसान खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने के लिए नालियों और जल निकासी व्यवस्था को साफ रखें. धान, मक्का, दलहन, सोयाबीन और सब्जियों वाले खेतों में लंबे समय तक पानी जमा न होने दें.

बारिश और जलभराव की स्थिति में फिलहाल सिंचाई, खाद डालने और कीटनाशक या अन्य कृषि रसायनों का छिड़काव टाल दें. कटाई के बाद खेत में रखी उपज को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाएं या तिरपाल से ढक दें. 

तेज हवा की आशंका वाले क्षेत्रों में सब्जियों और युवा फलदार पौधों को सहारा दें. पशुओं को भारी बारिश के दौरान सुरक्षित शेड में रखें और चारा-पानी को खराब होने से बचाएं.

MORE NEWS

Read more!