Weather Alert: दिल्ली समेत कई प्रदेशों में बरसेंगे बादल, जानिए आपके राज्‍य में कैसा रहेगा मौसम

Weather Alert: दिल्ली समेत कई प्रदेशों में बरसेंगे बादल, जानिए आपके राज्‍य में कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में 4 सितंबर को बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. मध्य प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि यूपी, उत्तराखंड, राजस्थान, बिहार और पूर्वोत्तर के कई इलाकों में भी मौसम सक्रिय रहेगा.

aaj Ka Mausamaaj Ka Mausam
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Sep 04, 2026,
  • Updated Sep 04, 2026, 7:00 AM IST

देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय है और 4 सितंबर को भी कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने खासतौर पर मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड समेत उत्तर भारत के कई इलाकों के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है. सबसे ज्यादा चिंता मध्य प्रदेश को लेकर है, जहां पिछले दिनों सक्रिय हुआ कम दबाव का क्षेत्र लगातार मौसम को प्रभावित कर रहा है. इसके असर से कई स्थानों पर तेज बारिश, जलभराव और निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है.

मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास बना स्पष्ट कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है. इसके प्रभाव से पश्चिम और पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश का जोर बना रहेगा. 4 सितंबर को पूर्वी मध्य प्रदेश में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी व्यापक बारिश का दौर जारी रह सकता है.

यूपी, उत्तराखंड और राजस्थान में भी बारिश का अलर्ट

आईएमडी के अनुसार, उत्तर प्रदेश में भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. 4 सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई इलाकों में व्यापक बारिश होने का अनुमान है और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. विभाग ने पश्चिमी यूपी के कई जिलों में जलभराव और अचानक पानी बढ़ने की स्थिति को लेकर सतर्क किया है.

उत्तराखंड में 4 सितंबर को व्यापक बारिश का दौर रहने की संभावना है. यहां 9 सितंबर के बीच अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी है. पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश से भूस्खलन और सड़कों पर मलबा आने का जोखिम बढ़ सकता है. पूर्वी राजस्थान में भी 4 सितंबर को कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान है, जबकि कुछ इलाकों में मौसम ज्यादा सक्रिय रह सकता है.

दिल्ली-NCR में 4 सितंबर को कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-NCR में गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को बारिश की गतिविधियां अधिक सक्रिय रहने का अनुमान है. आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और सुबह से दोपहर के बीच कई जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है. कुछ जगहों पर मध्यम बारिश के साथ गरज और बिजली चमकने की संभावना भी है.

रात के समय भी कुछ इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. शाम और रात के समय दक्षिण-पूर्वी दिशा से हवा की रफ्तार करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

बिहार, बंगाल और पूर्वोत्तर में भी सक्रिय रहेगा मौसम

मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि पूर्वी भारत में 4 सितंबर को बिहार में बारिश बढ़ने की संभावना है. राज्य में कई जगहों पर बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. बिहार और झारखंड में गरज, बिजली और तेज हवा को लेकर भी सतर्क रहने की जरूरत है. पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी हिस्सों और सिक्किम में भी बारिश का दौर जारी रहेगा. पूर्वोत्तर भारत में असम, मेघालय और अन्य राज्यों में कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की स्थिति बन सकती है.

महाराष्ट्र, गोवा और दक्षिण भारत के मौसम का हाल

इधर, कोंकण और गोवा में 4 सितंबर को भी कई जगहों पर बारिश जारी रहने का अनुमान है. गुजरात, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में छिटपुट से लेकर कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. दूसरी ओर, दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में अगले एक हफ्ते तक बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कमजोर रह सकती हैं. हालांकि, तटीय कर्नाटक में कई स्थानों पर बारिश जारी रहने की संभावना है. आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और रायलसीमा में अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है. कुछ हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं की भी चेतावनी दी गई है.

MORE NEWS

Read more!