
देश के बड़े हिस्से में इस समय मॉनसून सक्रिय बना हुआ है. इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कई राज्यों में भारी से बेहद भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, सबसे गंभीर स्थिति पूर्वी मध्य प्रदेश में रहने की संभावना है, जहां कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है. 3 सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, विदर्भ और बिहार के कुछ इलाकों में भी भारी से बहुत भारी बारिश का खतरा बना रहेगा. ऐसे में निचले इलाकों में जलभराव, स्थानीय बाढ़ और यातायात बाधित होने की आशंका है.
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे कमजोर जरूर होगा, लेकिन इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने से मध्य और उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. इसके साथ ही अन्य मौसमी प्रणालियां भी बारिश को समर्थन दे रही हैं.
IMD के अनुसार, दिल्ली-NCR में 3 सितंबर को आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है. सुबह से दोपहर के बीच कई स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. इसके बाद दोपहर से शाम के दौरान भी हल्की बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है.
दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. दिन के समय हवा दक्षिण-पश्चिम दिशा से चल सकती है, जबकि शाम और रात के दौरान हवा की रफ्तार बढ़ने की संभावना है. 3 सितंबर को दिल्ली में बारिश हल्की रहने का अनुमान है, लेकिन आसपास के राज्यों में भारी बारिश की गतिविधियां ज्यादा असर डाल सकती हैं.
3 सितंबर को उत्तराखंड में कई जगहों पर बारिश जारी रहने की संभावना है और कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 3 सितंबर तक बहुत भारी बारिश की चेतावनी है. हिमाचल प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं.
पूर्वी उत्तर प्रदेश में 3 सितंबर को बारिश की तीव्रता 2 सितंबर के मुकाबले कम हो सकती है, हालांकि अलग-अलग जगहों पर बारिश जारी रहने का अनुमान है. पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ इलाकों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. राजस्थान में भी कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है.
3 सितंबर को मौसम का सबसे ज्यादा असर मध्य भारत पर दिखाई दे सकता है. पूर्वी मध्य प्रदेश में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी है. यहां लगातार तेज बारिश से नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने तथा निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है.
विदर्भ में भी 3 सितंबर को बहुत भारी बारिश की संभावना है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश जारी रह सकती है. छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर बारिश और गरज-चमक का दौर देखने को मिल सकता है.
वहीं, पूर्वी भारत में बिहार और गंगीय पश्चिम बंगाल में 3 सितंबर को कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. झारखंड में भी अलग-अलग जगहों पर बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी.
पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में व्यापक बारिश की संभावना है. असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है.
उधर, प्रायद्वीपीय भारत में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कमजोर रहने का अनुमान है. हालांकि, तटीय कर्नाटक में कई जगहों पर बारिश जारी रह सकती है. आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तेलंगाना और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं, कोंकण और गोवा में भी कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है, जबकि गुजरात, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में छिटपुट से मध्यम बारिश का दौर बना रह सकता है.