IMD Alert: कई राज्‍यों में बारिश और लू का दिखेगा असर! दिल्‍ली-NCR में तेज चलेगी तेज हवा, पढ़ें मौसम का अपडेट

IMD Alert: कई राज्‍यों में बारिश और लू का दिखेगा असर! दिल्‍ली-NCR में तेज चलेगी तेज हवा, पढ़ें मौसम का अपडेट

उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत में पहाड़ी इलाकों में बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है. पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भी आंधी और बारिश के आसार हैं. पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में कई जगह भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि दक्षिण और मध्य भारत में बारिश के साथ कुछ हिस्सों में लू का असर जारी रहेगा.

aaj ka mausam aaj ka mausam
क‍िसान तक
  • Noida,
  • May 13, 2026,
  • Updated May 13, 2026, 7:00 AM IST

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बीते दिन मॉनसून पर ताजा अपडेट जारी करते हुए बताया कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं और इस हफ्ते के अंत तक यह दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में दस्तक दे सकता है. इसी के साथ विभाग ने देश के कई हिस्सों के लिए अलग-अलग मौसम चेतावनियां जारी की हैं. पश्चिम राजस्थान में अगले 6-7 दिनों तक भीषण लू और कहीं-कहीं गंभीर लू की स्थिति बनी रहने का अलर्ट है. वहीं पूर्वी राजस्थान, मध्य भारत, गुजरात और महाराष्ट्र के कई इलाकों में भी अगले 4-5 दिनों तक हीटवेव की स्थिति रहने की संभावना जताई गई है. दक्षिण भारत के राज्यों जैसे तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

13 मई को देशभर का मौसम अपडेट

13 मई को देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के कई रंग देखने को मिल सकते हैं. पूर्वोत्तर भारत के राज्यों असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी तेज हवाओं के साथ बारिश और आंधी की स्थिति बन सकती है. दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल और आंतरिक कर्नाटक में तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है. वहीं, पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा और तापमान सामान्य से ऊपर बना रह सकता है.

दिल्ली-NCR का मौसम और पूर्वानुमान

दिल्ली-NCR में 13 मई को आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है. हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जो सामान्य से नीचे रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री के बीच रह सकता है. 

इसके बाद 14 और 15 मई को मौसम धीरे-धीरे साफ होता नजर आएगा. तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी और 15 मई तक अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री तक पहुंच सकता है.

उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत का पूर्वानुमान

उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आने वाले दिनों में बारिश, बर्फबारी, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी आंधी और बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. 15 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिससे मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है.

पूर्व और पूर्वोत्तर भारत का पूर्वानुमान

पूर्वोत्तर भारत में अगले कई दिनों तक भारी बारिश का दौर बना रहेगा. असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी लगातार बारिश के आसार हैं. पूर्वी भारत के बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.

दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी और कर्नाटक में अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहेंगी. वहीं मध्य भारत के छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. दूसरी ओर विदर्भ, मराठवाड़ा और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी और लू का असर बना रहेगा.

किसानों और पशुपालकों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे भारी बारिश वाले क्षेत्रों में खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था रखें और तैयार फसलों की जल्द कटाई कर सुरक्षित स्थान पर रखें. 

लू प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को बचाने के लिए हल्की सिंचाई करते रहें और सुबह या शाम के समय ही खेतों में काम करें. तेज हवाओं और आंधी के दौरान फसल और बागवानी पौधों को सहारा देने की व्यवस्था करें. पशुपालकों को सलाह दी गई है कि वे पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखें और उन्हें पर्याप्त पानी व संतुलित आहार दें.

MORE NEWS

Read more!