
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के बड़े हिस्से में मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में 11 से 14 मई के बीच आंधी-तूफान, बिजली और 40-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. इस दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश का नया दौर शुरू होगा. दक्षिण भारत के केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अगले 7 दिनों तक गरज-चमक के साथ भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है. वहीं पश्चिम राजस्थान और गुजरात में अगले 7 दिनों तक लू की स्थिति बनी रहने की आशंका है.
आईएमडी ने 9 मई को देशभर में मौसम का मिश्रित स्वरूप देखने को मिलेगा. उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इन क्षेत्रों में 30-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है और तापमान 34-37°C के आसपास रहेगा.
दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में मौसम मुख्यतः साफ रहेगा, हालांकि हल्के बादल आ सकते हैं और तापमान 35-37°C के बीच रहने का अनुमान है. राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों और गुजरात में तेज गर्मी का असर बना रहेगा, जहां अधिकतम तापमान 40-45°C तक पहुंच सकता है और लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी कुछ स्थानों पर आंधी और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश संभव है, जहां तापमान 36-40°C के बीच रहेगा.
वहीं, दक्षिण भारत के केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहेगी और कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है, जिससे तापमान 30-34°C के आसपास बना रहेगा. उत्तर-पूर्वी राज्यों असम, मेघालय, नागालैंड और मणिपुर में भी बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश के साथ मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहेगा.
10 मई के बाद उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम सक्रिय हो जाएगा. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 11 से 13 मई के बीच बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना है. पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 11 से 14 मई के बीच गरज-चमक के साथ बारिश और 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख क्षेत्र में 50-70 किमी प्रति घंटा तक की तेज तूफानी हवाएं और ओलावृष्टि का खतरा बना रहेगा.
पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड और ओडिशा में 10 से 14 मई के बीच बारिश, आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं. पश्चिम बंगाल में भी कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश का असर रहेगा.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी 10 से 12 मई के बीच आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा. पश्चिम भारत के महाराष्ट्र में शुरुआती दिनों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि गुजरात में गर्मी और हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी.
दक्षिण भारत में मौसम पूरी तरह सक्रिय बना रहेगा. केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अगले 7 दिनों तक भारी बारिश की संभावना है. कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहेगी. कई स्थानों पर तेज हवाएं 30-50 किमी प्रति घंटा तक चल सकती हैं, जिससे मौसम अपेक्षाकृत ठंडा बना रहेगा.
आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी को देखते हुए किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी तैयार फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें और खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था करें. बागवानी और सब्जी फसलों को सहारा देना जरूरी है ताकि तेज हवाओं से नुकसान न हो.
जिन क्षेत्रों में लू की संभावना है, वहां फसलों में हल्की सिंचाई करें और नमी बनाए रखें. पशुपालकों को सलाह दी गई है कि वे पशुओं को खराब मौसम के दौरान खुले में न छोड़ें और उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखें, साथ ही चारे और पानी की पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखें.