IMD Alert: कहीं आंधी-बारिश तो कहीं बढ़ेगा तापमान, जानें आपके राज्‍य में कैसा रहेगा मौसम

IMD Alert: कहीं आंधी-बारिश तो कहीं बढ़ेगा तापमान, जानें आपके राज्‍य में कैसा रहेगा मौसम

देशभर में मौसम ने करवट ली है, जहां कई राज्यों में आंधी-बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी हुआ है, वहीं राजस्थान और गुजरात में लू का खतरा बढ़ गया है. आने वाले दिनों में उत्तर भारत में फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा.

aaj ka mausam double weatheraaj ka mausam double weather
क‍िसान तक
  • Noida,
  • May 08, 2026,
  • Updated May 08, 2026, 7:00 AM IST

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने देशभर में मिला-जुला मौसम रहने की जानकारी  दी है. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में 10 से 13 मई के बीच आंधी, बिजली और 40-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट है. वहीं, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अगले 6-7 दिनों तक गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है. दूसरी ओर पश्चिम राजस्थान और गुजरात में 9 से 13 मई के बीच लू चलने की चेतावनी जारी की गई है.

बीते दिन ऐसा रहा मौसम हाल

तमिलनाडु और पुडुचेरी के कुछ इलाकों में 6-7 मई के बीच भारी बारिश दर्ज की गई, जहां 7 से 11 सेंटीमीटर तक पानी गिरा. वहीं, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत कई राज्यों में तेज आंधी और 50 से 100 किमी प्रति घंटा तक की रफ्तार से हवाएं चलीं. मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि भी हुई. तापमान की बात करें तो देश के कई हिस्सों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि कुछ उत्तरी राज्यों में यह सामान्य से नीचे बना रहा.

8 मई को देशभर का मौसम कैसा रहेगा

मौसम विभाग ने कहा कि 8 मई को उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम बदला हुआ नजर आएगा. उत्तराखंड में तेज हवाओं के साथ आंधी की संभावना है. पूर्वोत्तर भारत में असम, मेघालय और आसपास के राज्यों में बारिश और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा. 

पूर्वी भारत के बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. मध्य भारत में हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा. दक्षिण भारत में केरल और तमिलनाडु में भारी बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी.

दिल्ली-NCR का मौसम अपडेट

आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में 8 मई को आसमान साफ रहने के साथ तापमान 35 से 37 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री के आसपास रह सकता है. वहीं, 9 मई को तापमान बढ़कर 37 से 39 डिग्री तक पहुंच सकता है. 10 मई को अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक जा सकता है. 

10 मई से फिर सक्रि‍य होगा पश्चिमी विक्षोभ

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में कहा है कि उत्तर-पश्चिम भारत में 10 से 13 मई के बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश और आंधी की गतिविधियां बढ़ेंगी.

पूर्वोत्तर भारत में 9 मई तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा और 12-13 मई को कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. पूर्वी भारत के राज्यों में 11 मई तक रुक-रुक कर बारिश और तेज हवाएं चलती रहेंगी.

मध्य भारत के मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में अगले 2-3 दिनों तक हल्की बारिश और आंधी का असर रहेगा. पश्चिम भारत के महाराष्ट्र में भी इसी तरह का मौसम बना रहेगा. दक्षिण भारत में केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में अगले 5-7 दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा, जिसमें कुछ जगहों पर भारी बारिश भी शामिल है.

खेती-किसानी के लिए जरूरी सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है. भारी बारिश वाले इलाकों में खेतों से पानी निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करें. तेज हवाओं और आंधी को देखते हुए फसलों को सहारा दें और कटी हुई उपज को सुरक्षित स्थान पर रखें. 

लू प्रभावित क्षेत्रों में हल्की सिंचाई सुबह या शाम के समय करें. पशुपालकों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान पशुओं को खुले में न छोड़ें और चारे को सुरक्षित स्थान पर रखें.

MORE NEWS

Read more!