
बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन आज डीप डिप्रेशन में तब्दील हो सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि इसके उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटों को 23 सितंबर की रात से 24 सितंबर की शुरुआती घंटों के दौरान पार करने की संभावना है. इसके असर से ओडिशा में 23 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ जगहों पर अत्यंत भारी बारिश हो सकती है. वहीं, तटीय आंध्र प्रदेश में भी 23 सितंबर तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार, 23 सितंबर को छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में मौसम खास तौर पर खराब रह सकता है. IMD ने दोनों राज्यों में कुछ इलाकों में अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई है. छत्तीसगढ़ में 23 और 24 सितंबर को अत्यंत भारी बारिश हो सकती है, जबकि तेलंगाना में भी 23 और 24 सितंबर को ऐसी स्थिति बनने की आशंका है. इसके साथ गरज-चमक और तेज हवाओं का असर भी देखने को मिल सकता है.
IMD के मुताबिक, 23 सितंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने और झोंकों के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. 23 से 24 सितंबर के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में थंडरस्क्वॉल (गरज-चमक और बिजली के साथ आने वाले तेज तूफानी झोंके) की स्थिति भी बन सकती है. बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में समुद्र की स्थिति खराब से बहुत खराब रहने की संभावना है.
मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर में 23 सितंबर को आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. सुबह उत्तर-पूर्व दिशा से हवा करीब 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है, जो दोपहर में 15 किलोमीटर प्रति घंटे और शाम-रात में करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
24 सितंबर को दिल्ली में मौसम मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है, जबकि 25 सितंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में 23 सितंबर को मौसम ज्यादातर शांत रहने का अनुमान है. उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में IMD ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है. इसके बाद उत्तराखंड में 25 सितंबर से गरज-चमक और 26-28 सितंबर के दौरान बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि मध्य भारत में पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में बारिश का असर बना रहेगा. 23 सितंबर को विदर्भ में भारी बारिश की संभावना है. इसके बाद भी मध्य भारत के कई हिस्सों में 25-27 सितंबर तक बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है.
इधर, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी बारिश जारी रहने की संभावना है. कोंकण-गोवा और मराठवाड़ा में 23 सितंबर को बारिश हो सकती है, जबकि 24-25 सितंबर को मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में तेज हवाओं के साथ मौसम बदल सकता है. 24 से 28 सितंबर के दौरान कोंकण-गोवा और मराठवाड़ा में हल्की से मध्यम बारिश के दौर बने रह सकते हैं.
मौसम विभाग के अनुसार, 23 सितंबर को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कई स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की संभावना है. यहां 23-24 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. झारखंड में भी 23 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है. बिहार में 23 सितंबर को बारिश के साथ 24-25 सितंबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है.